{"_id":"7afaf68b875a6b685ae3be3d758704ec","slug":"district-administration-has-been-spearheading-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अतिक्रमण पर चलेगा चाबुक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अतिक्रमण पर चलेगा चाबुक
ब्यूरो/अमर उजाला, कठुआ
Updated Wed, 21 Jan 2015 01:25 AM IST
विज्ञापन
जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत अन्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने मुहिम चला दी है। आदेश जारी कर विभिन्न सरकारी संस्थाओं, विभागों को दो टूक कहा गया है कि वह तीस जनवरी तक अतिक्रमण और इस पर किए गए निर्माण का खाका तैयार कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाए। इसके बाद विशेष दस्तों को अतिक्रमण हटाने का जिम्मा सौंपा जाएगा।
विज्ञापन
जिला उपायुक्त कठुआ से जारी नोटिस में कहा गया है कि जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे समेत शहर की मुख्य सड़क और अन्य मार्गों के किनारे जगह-जगह अतिक्रमण किया गया है। इतना ही नहीं, शहर और इससे सटे इलाकों के कई सार्वजनिक स्थलों पर ही अतिक्रमण किया गया है, जिससे आवाजाही में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
इसके लिए राजस्व विभाग सहित स्थानीय निकाय प्रशासन, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना आदि विभागों को तीस जनवरी से पहले स्टेटस रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए जाते हैं।
विज्ञापन
अतिक्रमण को पूरी तरह खत्म कर जनता को राहत दिलाने के लिए शुरू की गई इस मुहिम पर रिपोर्ट मिलने के बाद विशेष दस्तों के माध्यम से कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। नोटिस के माध्यम से अतिक्रमणकारियाें को भी आगाह किया जाता है कि वह अपने स्तर पर ही अवैध कब्जों को हटा लें अन्यथा अतिक्रमण हटाने के अलावा कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।