उधमपुर/मजालता। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मजालता और जम्मू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (जेएएसए) ने माहोर गढ़ से मानसर झील तक ट्रेकिंग का आयोजन किया। इसके लिए जम्मू पर्यटन निदेशालय की तरफ से प्रतिभागियों के लिए ट्रैक सूट प्रायोजित किया गया था। अभियान में कॉलेज के कर्मचारियों सहित कुल 45 लोगों ने भाग लिया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. नम्रता गुप्ता ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रो. डॉ. नम्रता ने उन्हें प्रकृति से सीख लेकर अपने जीवन में उतारने को कहा। कहा कि ट्रेकिंग न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि छात्रों को प्रकृति से सीधे ज्ञान प्राप्त करने में भी मदद करती है। छात्रों ने उत्साह के साथ ट्रेक का आनंद लिया और कॉलेज के इतिहास में पहली बार इस तरह के आयोजन के लिए कॉलेज प्राचार्य की प्रशंसा की।
इस अभियान में प्रो. इमरान हुसैन शाह, प्रो. नीलम कुमार, प्रो. अब्दुल हफीज भी छात्रों के साथ रहे। जेएएसए के उपाध्यक्ष और ट्रेकिंग विशेषज्ञ डॉ. तरण सिंह ने छात्रों के साथ ट्रेकिंग की और सफल अभियान के लिए उनका मार्गदर्शन किया।