किश्तवाड़। जिला विकास आयुक्त किश्तवाड़ अशोक कुमार शर्मा ने बुधवार को टीआरसी मुगल मैदान में मिशन यूथ के तहत ब्लॉक यूथ क्लब वालंटियर्स के लिए आयोजित मेगा आउटरीच कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक रैली के साथ किया गया। रैली के माध्यम से नशा मुक्त, स्वच्छ भारत और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया गया। साथ ही स्वयंसेवकों को पंचायतों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
कर्नल विनोद रावत (सीआरपीएफ), तहसीलदार मुगल मैदान नईम इकबाल शेख, सहायक प्रोफेसर, डॉ जमशेद इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं के लिए विभिन्न रोजगार सृजन योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर युवा मंडलों के 4 प्रतिभागियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। मुख्य अतिथि की उपस्थिति में तहसीलदार मुगल मैदान की ओर से सभी स्वयंसेवकों और अधिकारियों को स्वच्छ भारत और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर बोलते हुए जिला विकास आयुक्त किश्तवाड़ ने जिले के बेरोजगार युवाओं से आगे आकर मिशन यूथ की विभिन्न स्वरोजगार और महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को सरकार की विभिन्न रोजगार सृजन योजनाओं के तहत लाभान्वित करने के लिए जागरूकता प्रदान करना और प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान युवा क्लब के स्वयंसेवकों के साथ युवाओं की बातचीत हुई, जिसमें युवा क्लब के स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। अंत में बीडीओ मुगल मैदान तसलीम जावेद वानी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य लोगों में एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार, भारतीय सेना के मेजर अंकुर, तहसीलदार मुगल मैदान नईम इकबाल शेख, एचएसएस मुगल मैदान के प्रधानाचार्य, पुलिस सब इंसपेक्टर अंकुश कुमार मौजूद रहे।