पौनी। तहसील के भांबला में स्थानीय दुकानदारों ने ग्रेफ के खिलाफ बुधवार को नारेबाजी की। दुकानदारों का कहना है कि ग्रेफ का मार्ग न तो पैदल चलने के लायक है और न ही इस मार्ग पर गाड़ियां चलने के लायक हैं। साथ ही रेलवे द्वारा बनाई जा रही टनल से निकलने वाले मलबे को फेंका जाता है। इससे सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क से उड़ने वाली मिट्टी लोगों के दुकानों के अंदर चली जाती है।
दुकानदारों का दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। जब भी कोई वाहन मार्ग से गुजरता है तो सारी धूल मिट्टी लोगों की दुकानों के अंदर जाती है। कपिल शर्मा ने बताया कि हमने सभी अधिकारियों को अवगत करवाया था, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद मंगलवार को लिखित में शिकायत तहसीलदार साहिल रंधावा से भी की है। कहा कि अगर सड़क पर तारकोल नहीं डाली जाती है तो लोग सड़कों पर आकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। इस अवसर पर बिट्टू, भरत, पंकज, सोनू, हंस राज व अन्य लोग भी मौजूद रहे।