J&K: 24 फरवरी को उधमपुर आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शीर्ष सेना कमांडरों संग मौजूदा स्थिति पर करेंगे चर्चा
रक्षा मंत्री के उत्तरी कमान में शीर्ष सेना कमांडरों के साथ बातचीत करने की संभावना है, जिसमें वे जम्मू-कश्मीर सहित नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा स्थिति पर विस्तृत जानकारी हासिल करेंगे।
विस्तार
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 फरवरी (शनिवार) को उधमपुर में सेना की उत्तरी कमान मुख्यालय का दौरा करेंगे। यह दो महीने से भी कम समय में जम्मू क्षेत्र का उनका दूसरा दौरा होने जा रहा है। इस दौरान वह कमांड अस्पताल उधमपुर की नई इमारत का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही शीर्ष सेना कमांडरों के साथ केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में मौजूदा स्थिति पर चर्चा भी करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राजनाथ 24 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर उधमपुर में उत्तरी कमान मुख्यालय आएंगे। रक्षा मंत्री का 24 फरवरी को उत्तरी कमान मुख्यालय में कमांड अस्पताल की नई इमारत का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है, जिसके बाद वह सेना के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उन्हें संबोधित करेंगे।
जम्मू-कश्मीर में कमांड अस्पताल सबसे उच्च एवं बेहतरीन चिकित्सा सेवाओं की श्रृंखला में पहले स्थान है। कमांड अस्पताल उधमपुर शहर के मध्य एमएच चौक के पास स्थित है। लंबे समय से कमांड अस्पताल में सेना के जवानों को बेहतरीन उपचार की सुविधा उपल्बध कराई जा रही है। नए भवन का निर्माण सप्लाई मोड़ स्थित कान्वेय ग्रांउड के पास किया गया है। नए भवन के उद्घाटन के बाद उपचार सेवाओं के और बेहतर हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रक्षा मंत्री के उत्तरी कमान में शीर्ष सेना कमांडरों के साथ बातचीत करने की भी संभावना है, जिसमें वे जम्मू-कश्मीर सहित नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा स्थिति पर विस्तृत जानकारी हासिल करेंगे।
उधमपुर में कमांड हॉस्पिटल के नए भवन में लिफ्ट, एक केंद्रीय एसी संयंत्र, गर्म पानी आपूर्ति, फायर हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर अलार्म सिस्टम और बाहरी सेवाएं जैसी विभिन्न सुविधाएं शामिल की गई हैं। लगभग 650 बेड की क्षमता वाला कमांड अस्पताल पूरी तरह से अग्निशामक यंत्रों से सुसज्जित है। इस परियोजना के लिए कुल आवंटित बजट 189.94 करोड़ रहा। परियोजना एक नवंबर, 2021 को शुरू की गई , जिसे पूरा करने का लक्ष्य 31 जनवरी, 2024 निर्धारित किया गया था।