उधमपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को पंचैरी ब्लाक के चुलना गांव में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। जिसमें ग्रामीणों की निशुल्क जांच के बाद दवाएं भी दीं गई। इस मौके पर डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह मुख्य अतिथि रहे।
चुलना गांव में शनिवार सुबह डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह ने फीता काटकर स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद मरीजों की जांच की गई। कई लोगों को कोरोना वैक्सीन भी लगाई गई। लोगों को मलेरिया, डेंगू व टीबी की बीमारी को लेकर जागरूक भी किया गया। इसके साथ परिवार नियोजन के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान योग भी कराया गया। योग से ग्रामीणों को स्वस्थ रहने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया कि योग के कई आसनों से हम अपने आप को कई तरह की बीमारियों से बचा सकते हैं। इसलिए योग जरूर करें। इस मौके पर ग्रामीणों को बताया कि जम्मू-कश्मीर में आयुष्मान कार्ड के जरिए लाखों के निशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। अगर किसी ने कार्ड नहीं बनवाया है तो वह तुरंत बनवा ले। मेले में एनसीडी की स्क्रीनिंग भी की गई। इसके साथ ग्रामीणों को बताया कि देश की बढ़ती जनसंख्या भी एक चिंता का विषय है। इसलिए सभी को परिवार नियोजन के बारे में भी सोचना चाहिए। इस मौके पर बीएमओ पंचैरी डा. अनिल सलोच, तहसीलदार पंचैरी विपिन कुमार, एसएचओ पंचैरी पवन डोगरा, सरपंच चुलना कुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे।

उधमपुर के चुलना गांव में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित स्वास्थ्य मेला- फोटो : UDHAMPUR