संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को बलिदानी पैराट्रूपर झंटू अली शेख को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उधमपुर जिले में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी। विशेष बल (6 पैरा) के जवान हवलदार शेख विगत वीरवार को जिले के डुडू-बसंतगढ़ इलाके में तलाशी अभियान के बाद शुरू हुई मुठभेड़ में बलिदान हो गए।
166 सैन्य अस्पताल में जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों ने बताया कि बाद में उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान - पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के पाथर घाटा गांव में अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया। व्हाइट नाइट कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में सेना, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सलाम किया। इस बीच, जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों की ओर से तीन आतंकियों के एक समूह को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।