उधमपुर। जिला में शनिवार को कोरोना संक्रमण का कोई भी नया मामला नहीं पाया गया है। इस बीच पांच लोग कोरोना संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे हैं।जिला में लगातार कम हो रहे कोरोना मामलों के दौर में अगस्त माह में बीते 15 दिन में यह चौथा मौका है जब कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया है। इसके साथ ही जिला में अब कुल 20 सक्रिय मामले शेष रह गए है। इससे स्वास्थ्य विभाग को काफी राहत मिली है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के नए मामलों के उतार चढाव के साथ ही जिला उधमपुर बीते माह से लगातार कोरोना मुक्ति की राह पर आगे बढ रहा है। इस बीच जहां कई बार एक दिन में पांच से ज्यादा मामले सामने आने पर चिंता बढ जाती है तो वहीं कई बार दिन में कोई भी नया मामला नहीं पाए जाने पर राहत भी मिल रही है। वहीं इस बीच जिला में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों में लगातार पाई जा रही गिरावट राहत प्रदान कर रही है। शनिवार को भी जिला में पांच लोग संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे हैं। जबकि शाम तक कोई भी व्यक्ति पाजिटिव नहीं पाया गया है। इसके साथ ही जिला में अब कुल 20 सक्रिय मामले ही शेष रह गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिला में अब तक कुल 11374 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 11217 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो चुके हैं, 137 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है तथा 20 सक्रिय मामले अभी शेष है।