संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिले में ईद-उल-फितर धार्मिक उत्साह, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई। हजारों मुस्लिम चौगान मैदान में ईद की नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए। उपमंडलों व तहसीलों में भी लोगों ने स्थानीय मस्जिदों में नमाज-ए-ईद अदा की। चौगान मैदान में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
उपायुक्त राजेश कुमार शवन, एसएसपी जावेद इकबाल सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी और देखरेख करने के अलावा मौजूद रहे। एडीसी किश्तवाड़ पवन कोतवाल, एएसपी पवन कुमार और पुलिस और नागरिक प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी। जामा मस्जिद के इमाम मौलवी फारूक अहमद किचलू ने प्रदेश में शांति और विकास के लिए दुआ की। उन्होंने नवयुवकों को नशा खोरी से बचने की अपील की। पूरे जिले में पर्व को उल्लास के साथ मनाया गया।