उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील की पंचायत बदोता में स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा लगातार प्रभावित हो रही है। इसको लेकर ग्रामीण लगातार सरपंच के साथ संपर्क कर रहे हैं। वहीं सरपंच पुष्पा देवी का कहना है कि उनकी पंचायत में मौजूद सरकारी स्कूलों से कुछ शिक्षकों को अटैच कर दूसरे स्कूलों में भेज दिया गया है और इसी कारण स्टाफ की कमी सामने आ रही है।
सरपंच पुष्पा देवी ने बताया कि कुछ महीने तक उनकी पंचायत में मौजूद सरकारी स्कूलों में जरूरत के अनुसार स्टाफ था और विद्यार्थियों को भी बिना किसी परेशानी के शिक्षा हासिल हो रही थी। लेकिन फिर अचानक से शिक्षा विभाग के कार्यालय से एक आदेश जारी हुआ, जिसमें लिखा हुआ था कि बदोता पंचायत के कुछ सरकारी स्कूलों के स्टाफ को दूसरी पंचायत में स्थित सरकारी स्कूलों में अटैच किया जाता है। आदेश मिलने के बाद शिक्षक भी दूसरे स्कूलों में चले गए। इनके जाने के बाद स्कूलों में परेशानी बढ़ गई है। जरूरत अनुसार शिक्षक न होने के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो गई है। सरपंच चेताया कि अगर सप्ताह के अंदर शिक्षा विभाग ने इन शिक्षकों को वापस अपने स्कूलों में भेजने का आदेश जारी नहीं किया तो वह ग्रामीणों के साथ शहर पहुंच कर सीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगी।