स्कूल नोटबुक पर पाकिस्तान का झंडा छापा, शिक्षा विभाग ने स्टाक सीज किया
- हाई स्कूल की नोटबुक पर पाकिस्तान का झंडा छपा होने से स्कूली बच्चों के अभिभावकों में रोष है।
- एक गैर सरकारी स्कूल को यह अधिकार नहीं है कि वह दूसरे देश के ध्वज की फोटो इस तरह प्रकाशित करे।
विस्तार
आरएस पुरा कसबे के होली क्रॉस कान्वेंट हाई स्कूल की नोटबुक पर पाकिस्तान का झंडा छपा होने से स्कूली बच्चों के अभिभावकों में रोष है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर शिक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई करने की मांग की।
आरएस पुरा शिक्षा जोनल अधिकारी रंजीत कौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग के जेडईपीओ सुरेश दुबे सहित नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार को स्कूल में भेजकर वहां पर पड़ी नोटबुक को क ब्जे में लेने के साथ स्टाक को सीज करने करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को बेची जा रही नोटबुक पर रोक लगा दी है।
स्कूल में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि देश के झंडे की फोटो नोटबुक पर होने के साथ पाकिस्तान के ध्वज की फोटो लगाना सही नहीं है।
अभिभावकों ने कार्रवाई की मांग की
एक गैर सरकारी स्कूल को यह अधिकार नहीं है कि वह दूसरे देश के ध्वज की फोटो इस तरह प्रकाशित करे। समाज सेवक कुंदनलाल शर्मा, सरपंच हरी सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न घटे।
बाद में शिक्षा विभाग के द्वारा इस बारे में आरएस पुरा एसडीएम विकास कुंडल व तहसीलदार आरएस पुरा को अवगत करवाया गया। स्कूल के फादर एस जोसफ, एसडीएम आरएस पुरा व तहसीलदार ने इस मामले के बारे में पूछे जाने पर कुछ भी कहने से मना कर दिया।
एसपी हेडक्वार्टर आरके कोतवाल का कहना है कि एसडीपीओ आरएस पुरा इस मामले में आगे की जांच कर रहे है और जांच के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।