धर्मकोट पंचायत के वार्ड नंबर 5 और छह में पिछले नौ दिनों से बिजली सप्लाई प्रभावित। इसके कारण 500 से अधिक की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड निवासी साधुराम, बद्रीनाथ वर्मा ,सौरभ कुमार ,विजय वर्मा, नरेश कुमार और पूर्ण चंद ने बताया के 9 दिन पहले उनके गांव में लगाया गया 25 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था जिसे आज तक ठीक नहीं किया गया। लोगों ने बताया कि बिना बिजली के इस बरसात के मौसम में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बिना बिजली के सबसे ज्यादा परेशानियां अलग-अलग स्कूलों और कॉलेज में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग अपने मोबाइल चार्ज नहीं कर पा रहे हैं और लोगों को पंचायत के अन्य वार्डों में जाकर मोबाइल चार्ज करने पड़ रहे हैं। लोगों ने कहा की समस्या के बारे में कई बार बिजली विभाग को अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ जिसके कारण लोगों को विभाग की कार्य प्रणाली पर रोष है। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की के जल्द से जल्द वार्ड नंबर 5 और वार्ड नंबर 6 में बिजली सप्लाई बहाल की जाए और जितने दिन बिजली सप्लाई प्रभावित रही उन दिनों का बिजली किराया माफ करने की मांग की है। इस संदर्भ में बिजली विभाग के एई विनोद कुमार गुप्ता से दो बार उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।