कठुआ। बकाया वेतन जारी करने सहित अन्य मांगों को लेकर जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों की काम छोड़ों हड़ताल लगातार दूसरे दिन जारी रही। इस मौके पर कर्मचारियों ने विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी करते अपना रोष जताया और शनिवार को जम्मू में प्रदर्शन करने का ऐलान किया।
इस मौके पर पहुंचे पीएचई इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि अस्थायी कर्मियों को नियमित करने के साथ उनका बकाया वेतन जारी किए जाने की मांग को लेकर वह लोग पिछले कई सालों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार ने उन्हें सिवाय आश्वासनों के कुछ नहीं दिया है। जिसके कारण कर्मचारियों को मजबूर हड़ताल का सहारा लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि एसआरओ 64 के तहत जम्मू कश्मीर में अपनी सेवाएं देने वाले 60 हजार के करीब अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। अगर सरकार ऐसा नही करती तो वह बकाया वेतन भी सरकार को दान कर देंगे। सरकार अगर अस्थायी कर्मचारियों को एक साथ नियमित नहीं करती तो कम से कम उनका बकाया वेतन जारी करे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे केंद्र की मोदी सरकार के विरोध में नहीं हैं, लेकिन वे बता देना चाहते हैं कि यहां की नौकरशाही ही ऐसे हालात पैदा कर रही है कि जनता केंद्र सरकार के विरोध में जा रही है। कर्मचारियों की इन्हीं समस्याओं को लेकर उनकी तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान पूरे प्रदेश से आने वाले अस्थायी कर्मचारी शनिवार को जम्मू में जोरदार प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में शिव नारायण सिंह, नरिंदर सिंह, जितेंद्र शर्मा प्रेम चंद, सुरजीत सिंह, जगदीश सिंह, धर्मपाल आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।