बिलावर। बग्गन अप्पर ए पंचायत में शुक्रवार को आयोजित वार्षिक दंगल में राकेश पहलवान ने फिजा पहलवान को पटकनी देकर दंगल पर कब्जा जमा लिया।
दंगल का शुभारंभ दंगल कमेटी के सदस्यों ने शाम 4:30 बजे किया। इस दौरान अलग-अलग राज्यों से बग्गन अप्पर ए पंचायत में पहुंचे पहलवानों ने मल युद्ध का प्रदर्शन करके दंगल देखने पहुंचे 3000 से अधिक दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दंगल में 125 अलग-अलग भार वर्ग की कुश्तियां करवाई गईं। छोटी माली के मुकाबले में बसंतगढ़ के बबलू पहलवान ने डोडा के तारीख पहलवान को मच्छीगौता दांव लगाकर पराजित किया। बड़ी माली का मुकाबला बड़ा रोमांचित रहा। लगभग एक घंटे तक चली बड़ी माली की कुश्ती में राकेश पहलवान और फिजा पहलवान ने एक दूसरे को हराने के लिए पूरा जोर आजमाया। पहलवानों ने एक दूसरे को पटकनी देने के लिए कई दांवपेच आजमाए लेकिन राकेश पहलवान ने जांघिया दांव लगाकर अपने प्रतिद्वंद्वी को चित करके बड़ी माली अपने नाम कर ली। दंगल कमेटी की ओर से छोटी माली और बड़ी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व सरपंच मक्खन जमोडिया, वरिष्ठ नागरिक पुनुराम, प्रेम सिंह, रवि कुमार, बाबूराम कोतवाल, रामलाल गुराका, कृष्ण कोतवाल और दंगल कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।