कठुआ। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन की प्रकिया जारी है। जिला में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 11 निर्वाचन क्षेत्र में गत 28 मई से शुरू हुई नामांकन की प्रक्रिया के तहत अब तक 9 निर्वाचन क्षेत्रों से 17 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन किए है।
इस बारे में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में रिटर्निंग अधिकारी एसीआर संदीप सियोंत्रा ने बताया कि जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव के लिए शुक्रवार को निर्वाचन क्षेत्र तरफ भजवाल से एक और नामांकन आने के बाद वहां अब दो उम्मीदवार, बरमोरा से भी दो और नामांकन आने के बाद तीन उम्मीदवार, सक्ताचक से एक और खानपुर से दो उम्मीदवारों पूर्व की भांति ही मैदान में हैं। जबकि लखनपुर से दो नामांकन, कठुआ टाउन तरफ तजवाल से दो नामांकन, कठुआ टाउन से दो नामांकन, रखलच्छीपुर से एक नामांकन और मढ़ीन से एक नामांकन आने के बाद अब कुल 17 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। उन्होंने बताया कि 11 निर्वाचन क्षेत्रों में 4 जून तक चलने वाली नामांकन की इस प्रक्रिया के अंतिम दिन में नामांकन की दर तेज होने की संभावना है।