{"_id":"ed32c3b830e76f33df7688480be65aa5","slug":"protest-against-power-cut-from-14-days-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"14 दिन से बिजली गुल होने पर बरपा हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
14 दिन से बिजली गुल होने पर बरपा हंगामा
कठुआ/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 17 Jan 2016 01:17 AM IST
विज्ञापन
पिछले 14 दिनों से जारी बिजली संकट पर शनिवार को वार्ड नं 14 रामनगर कालोनी के लोगों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाईवे जाम कर विभाग के खिलाफ भड़ास निकाली।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब एक घंटे तक बंद रखा। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों के आक्रोश को देखते हुए सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को जल्द आपूर्ति सुचारु करवाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करने का आश्वासन देकर शांत करवाया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए जोगिंद्र पाल शर्मा, अजय शर्मा, अशोक शर्मा आदि ने कहा कि वार्ड में ट्रांसफार्मर जल जाने की वजह से पिछले 14 दिनों से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग से जब भी बात की जाती है, तो अधिकारी या तो बैठक में होने का बहाना बना देते हैं या फिर समस्या का जल्द समाधान करने की बात कहते हैं।
विज्ञापन
14 दिनों से बिजली बंद है और विभाग ने अभी तक कोई भी पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शनिवार को गणित की परीक्षा थी, लेकिन बिजली न होने से बच्चे पढ़ नहीं पाए। व्यापारियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ट्रांसफार्मर दिया था, लेकिन उसे लगाने के बाद कई लोगों के उपकरण जल गए।
इसके बाद विभाग ने ट्रांसफार्मर वापस ले लिया और अब तक दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगाया है। लोगों ने कहा कि विभाग बिल पूरा वसूलता है, लेकिन बिजली उपलब्ध नहीं करवाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं करवाया तो आंदोलन को उग्र करने को मजबूर हो जाएंगे।