बिलावर। धार सड़क पर एक वैगन कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए जीएमसी कठूआ रेफर कर दिया गया। यह हादसा धार सड़क पर थडा कलवाल गांव के पास दोपहर बाद घटित हुई। सात युवा कार में सवार होकर किसी काम से जा रहे थे कि अचानक चालक का कार से नियंत्रण हट गया और कार 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों को हादसे का पता चला तो उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायल हुए लोगों को इलाज के लिए उप जिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया, जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने 24 वर्षीय अमन शर्मा पुत्र रामदास नोटा गांव के निवासी को मृत घोषित कर दिया। वहीं 23 वर्षीय सुदेश कुमार थडा कल वाल निवासी और 3 वर्षीय रियाण पुत्र अखिल गुप्ता गुड़ा कल्याण निवासी को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया। सड़क हादसे में अन्य घायल हुए लोगों की पहचान 17 वर्षीय सचिन गांव उच्चा पिंड निवासी, 35 वर्षीय अखिल गुप्ता गुड़ा कल्याल निवासी, 30 वर्षीय जतिन कुमार गुडा कल्याल निवासी, 27 वर्षीय अभिनंदन कोहग निवासी के रूप में हुई है। इस संदर्भ में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जप्त कर के हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल हुए अन्य चार लोगों का इलाज उप जिला अस्पताल बिलावर में चल रहा है।