बिलावर। उपमंडल के कई दूरदराज क्षेत्रों को सरकार आज तक सड़क संपर्क से नहीं जोड़ पाई है, नतीजतन अगर इन इलाकों में कोई बीमार हो जाए तो स्वास्थ सुविधाओं के अभाव में मरीज को सड़क संपर्क तक पहुंचाने के लिए पालकी में ले जाना पड़ता है। गोडू फलाल पंचायत के संजय कुमार, अशोक सिंह, कृपाल सिंह, ध्यान सिंह और नायब सरपंच कयाल सिंह ने बताया कि उनकी पंचायत को आज तक सरकार सड़क संपर्क से नहीं जोड़ पाई है जिसके कारण 5000 के करीब आबादी को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम जारी है जिसकी वजह से गांव को जोड़ने वाले पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि गांव के आस पास से होकर कई नाले बहते हैं जिनका जलस्तर इन दिनों बडा हुआ है नतीजतन पैदल चलने वाले रास्ते भी बह कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोगों ने बताया कि मंगलवार को उनकी पंचायत के रोखला की एक महिला बीमार हो गई जिसको स्थानीय युवाओं ने पालकी में बिठाकर दुर्गम रास्तों से होकर और 4 घंटे का पैदल सफर करके वर्दात गांव में पहुंचाया जिसके बाद महिला को निजी वाहन में बैठाकर उप जिला अस्पताल बिलावर पहुंचाया गया। लोगों ने कहा कि इलाके में सड़क संपर्क ना होने के कारण दूरदराज पहाड़ी क्षेत्रों के लोग बद से बदतर जिंदगी जीने को मजबूर हो गए हैं। कहा के इलाके में सड़क सुविधा के अभाव में जब कोई मरीज बीमार पड़ जाए तो सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और अस्पताल पहुंचने से पहले पहले आज तक कई लोग अपना रास्ते में ही दम तोड़ चुके हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि 1 महीना पूर्व सड़क की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय पंचायत का शिष्टमंडल जिला उपायुक्त कठुआ राहुल पांडे से उनके कार्यालय में मिला था और जिला के आला अधिकारी की ओर से आश्वासन दिया गया था कि जल्द से जल्द इलाके में सड़क संपर्क की सुविधा प्रदान करें जाएगी लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी आज तक इस संबंध में कुछ नहीं किया गया। दूरदराज इलाके के लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द गोडू फलाल पंचायत को सड़क संपर्क से जोड़ा जाए जिससे लोगों को राहत मिल सके।