कठुआ। लॉकडाउन के चलते शहर में दाखिल होने वाले तमाम एंट्री प्वाइंट और मोहल्लों के रास्तों को बंद कर दिया गया है। ऐसे में लोग घरों से निकलने के लिए गलियों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें सुरक्षाकर्मी पकड़कर वापस घरों में भेज रहे हैं। पकड़े जा रहे लोगों से उठक-बैठक भी करवाई गई। लॉकडाउन के छठे दिन भी नगर की सड़कों-गलियों और मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। शुक्रवार को भी लोग घरों में दुबके रहे। बारिश भी लॉकडाउन को सख्त करने में सहायक सिद्ध हुई।
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को बारिश के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से बचने के लिए सुरक्षाकर्मियों को बंद पड़ी दुकानों की गैलरियों की नीचे खड़े होकर गीले होने से बचते देखा गया। कई पुलिस कर्मी रेनकोट पहन बारिश में चोर रास्तों से निकलने वाले लोगों को खदेड़ते दिखे। स्वास्थ्य विभाग, सुरक्षाकर्मियों व अन्य जरूरी सेवाएं देने वालों के अलावा किसी भी व्यक्ति को घर से निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। रोजाना की तरह शहर में जरूरी सामान की दुकानों के अलावा दवा की दुकानें ही खुली रहीं।