बिलावर। पिछले दिनों इलाके में हुई ओलावृष्टि और तेज बारिश से क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की सैकड़ों बीघा धान की फसल खराब हो गई है। पिछले 2 दिनों से लगातार मौसम साफ रहने और तेज धूप खिलने पर इन दिनों किसानों को अपने परिवारों के साथ किसी तरह से फसल को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इन दिनों क्षेत्र के अधिकतर गांवों के किसान बारिश से भीगे धान की फसल को धूप में सुखाने में जुटे हैं।
किसान रामलाल, मोहम्मद हफीज, पवन कुमार और गिरधारी लाल ने बताया कि अचानक जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसानों ने कहा कि ज्यादातर फसल बर्बाद हो गई है और अभी भी खेतों में पानी भरा हुआ है। किसानों ने कहा कि जो फसल उन्होंने काटी थी उसे किसी तरह घरों में पहुंचा कर धूप में सुखाने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि इस बार उनकी फसल से लागत मिलना भी मुश्किल है। सारी मेहनत बर्बाद हो गई है अब वह बची हुई पराली को मवेशियों के लिए इकट्ठा करने में जुटे हैं। किसानों ने सरकार से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा जल्द से जल्द प्रदान करने की मांग की है जिससे किसानों को राहत मिल सके।