बिलावर। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बुधवार को ब्लॉक दिवस का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा ने की। ब्लॉक दिवस पर पहुंचे कई जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। हौटार पंचायत के सरपंच जगदेव सिंह ने अधिकारी को अवगत करवाया के ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश होने से इलाके के ज्यादातर किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने मांग की कि किसान क्रेडिट कार्ड के तहत जिन किसानों ने बैंकों से ऋण लिए हैं, उनके ऋण माफ किए जाएं। इससे किसानों को राहत मिलेगी।
भडडू पंचायत के सरपंच जगदीश चंद्र सपोलिया ने अधिकारी से मांग की कि उनकी पंचायत के वार्ड सात में अनुसूचित जनजाति के कई लोगों को सरकारी राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि बकरवाल समुदाय के कई लोगों को ऑनलाइन राशन नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते पंचायत के कई लोग सरकारी सुविधा से वंचित रहने को मजबूर है। कोहग पंचायत के सरपंच अमरीक सिंह ने कोहग सड़क की खस्ता हाल स्थिति के बारे में अधिकारी को अवगत करवाया और सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करने की मांग की गई। अधिकारी ने बैठक में मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए और लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने जागरूकता सप्ताह के तहत भ्रष्टाचार ना करने और उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने की शपथ भी ली। अधिकारी ने इस मौके पर कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहना पत्र देकर सम्मानित किया। एडीसी ने बताया कि उपमंडल में पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि के कारण फसलों को जो क्षति पहुंची है उसकी रिपोर्ट बना ली गई है और रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेज दिया गया है। इस अवसर पर तहसीलदार बिलावर कई विभागों के अधिकारी कई जनप्रतिनिधि और कई लोग मौजूद रहे।