कठुआ। सितंबर महीने के पहले सप्ताह में रेलवे कॉलोनी, कठुआ रेलवे स्टेशन गोविंदसर से दस्तक देने के बाद डेंगू के मामलों ने अब जिले के विभिन्न इलाकों में तेजी पकड़ ली है। रेलवे कॉलोनी में एक महिला की मौत डेंगू से सितंबर माह में हो चुकी है तो वहीं गोविंदसर में अबतक डेंगू ग्रस्त पाए गए लोगों का आंकड़ा तीस के लगभग पहुंच गया है। जिले में सरकारी आंकड़ों में अबतक 63 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं जिनमें से आधे गोविंदसर गांव से ही हैं। बहुत से डेंगू से पीड़ित लोग पंजाब के निजी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं।
बीस दिन पहले ही गोविंदसर में डेंगू के मामले बड़े पैमाने सामने आए थे। लेकिन जबतक विभाग होश संभालता तब तक डेंगू ने जिले के अन्य हिस्सां में भी पैर पसारना शुरू कर दिए। वर्तमान में शहर के विभिन्न वार्डों के साथ-साथ हाईवे से सटे ग्रामीण इलाकों में भी डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में छह नए मामले सामने आने के बाद मलेरिया विंग की टीमों को सक्रमितों के घरों के आसपास स्प्रे करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उधर, लोगों ने मांग की है कि स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से डेंगू ग्रस्त इलाकों में डोर टू डोर सर्वे करवाया जाए और संग्दिध बुखार के मामलों की जांच करवाई जाए। इसके साथ ही इलाकों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर सफाई कर्मियों और मलेरिया विंग की टीमों की मदद लेकर दवा का छिड़काव और फॉगिंग करवाई जाए।