हीरानगर। डिंगा अंब तहसील क्षेत्र के कटली गांव में आजादी के बरसों बाद भी सड़क सुविधा न होने से परेशान लोगों ने शुक्रवार को सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें जल्द सड़क सुविधा नहीं मिली तो वह हाईवे पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी रघुनाथ सिंह ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी हमारे गांव के लोगों को सड़क की सुविधा नसीब नहीं हुई है। हमारा ही गांव ऐसा होगा जहां यातायात सुविधा न होने के कारण आज भी लोगों को मीलों सफर तय करना पड़ता है। चुनावों के समय नेताओं ने सड़क बनाने का वादा किया लेकिन पूरा किसी ने नहीं किया। विधायक हो या सांसद हमारे साथ सभी ने विश्वासघात किया है। करीब 500 की आबादी वाले इस गांव को दो तरफ से सड़क जुड़ सकती है, लेकिन जानबूझकर इसे पूरा नहीं किया जा रहा। सुनील कुमार ने कहा कि गांव के एक तरफ नाला पड़ता है, बरसात के दिनों में इसमें पानी भरने से पूरे गांव का संपर्क सभी इलाकों से कट जाता है। ऐसे में अगर गांव में कोई बीमार हो जाए तो उसे अस्पताल ले जाने के लिए पानी घटने का इंतजार करना पड़ता है। सारिका रानी ने कहा कि उन्हें स्कूल जाने के लिए मीलों पैदल सफर तय करना पड़ता है। गांव में सड़क न होने के कारण यातायात की कोई सुविधा नहीं है। नेता सिर्फ वोट मांगने आते हैं उसके बाद कोई हमारी नहीं सुनता है। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या बताने के बावजूद इसका समाधान नहीं हुआ। जिसके बाद मजबूरन यह प्रदर्शन करना पड़ा और अगर जल्द सड़क सुविधा नहीं मिली तो हाईवे पर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में अनिल जसरोटिया, जसविंदर जसरोटिया, रोहित सिंह, हैप्पी सिंह, जीवन सिंह, राजेश सिंह, किरण जसरोटिया, कोमल बंदराल, लवली सिंह आदि शामिल रहे।