बिलावर। उपमंडल के रामकोट में दो साल बाद करवाए जा रहे दंगल की तैयारियों के लिए दंगल कमेटी ने रविवार को बैठक की। वीरवार 16 जून को राजे दी मंडी (रामकोट) में होने वाले दंगल में इस वर्ष जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई अन्य प्रदेशों के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। रघुनाथ रामलीला क्लब के प्रांगण में दंगल कमेटी के प्रधान राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई पदाधिकारी उपस्थित हुए। कमेटी के प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि कोरोना के कारण दो साल में दंगल नहीं हो पाया था। इस वर्ष दंगल के आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी की ओर से बैठक कर रणनीति बनाई गई है। इसमें उपस्थित पदाधिकारियों को दंगल को सफल बनाने के लिए कई प्रकार की जिम्मेदारियां सौंपी गई है। प्रधान ने बताया कि दंगल को यूट्यूब पर लाइव दिखाया जाएगा। इससे दर्शक अपने घरों में बैठकर भी दंगल का आनंद ले सकें। मौके पर सरपंच प्रदीप सिंह, दंगल कमेटी के सदस्य नरेंद्र शर्मा, प्रदीप खजुरिया, किशोर, राकेश मेहरा, सदानंद दियोनियां, अतुल शर्मा, देशराज, नानक चंद, जोगिंदर पाल, चमनलाल, राजेंद्र डोगरा, अश्वनी मेहरा, राजीव गुप्ता, विजय गुप्ता, मदन गोपाल, वरिंदर शर्मा, विनय गुप्ता, राकेश गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, विद्यासागर, रवि कांत, सिद्धार्थ शर्मा, कैलाश शर्मा आदि मौजूद रहे।