कठुआ। जराई पंचायत के गांव भागथली में पिछले सात दिनों से जारी राजकीय डिग्री कॉलेज की एनएसएस इकाई के शीतकालीन विशेष शिविर का समापन हो गया। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समारोह को यादगार बना दिया। स्वयंसेवकों ने लघुनाटक के माध्यम से सामाजिक बुराईयों के बारे में लोगों को जागरूक किया। वहीं, कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य ने सामाजिक बुराइयों के बारे में आम जनता के बीच जागरूकता पैदा करने के के लिए एनएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना की।
विशेष शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रो नेहा बंदराल ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम की कार्यवाही का संचालन मनमीत सिंह, कशिश शर्मा और अलीशिया महाजन ने किया। नीतीश कुमार कुंडल और साक्षी भाऊ को शिविर का सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला स्वयंसेवक घोषित किया गया। इसके अलावा ग्रुप एफ को सर्वश्रेष्ठ समूह घोषित किया गया। गांव के प्राइमरी स्कूल परिसर में आयोजित शिविर के अंतिम दिन होने वाले समारोह में नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद सदस्य संदीप मजोत्रा मुख्य अतिथि और कठुआ जिला जेल के अधीक्षक कौशल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। महिला डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ एमएस पठानिया और राजकीय डिग्री कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो राज किरण शर्मा के साथ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने एनएसएस स्वयंसेवकों को समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक बुराइयों को मिटाने में मदद करने के लिए जागरूक किया। समारोह में प्रो जसविंदर सिंह, प्रो राकेश जसरोटिया, डॉ रचना, डॉ शुभ कुमार, डॉ कमलदीप सिंह, डॉ शमशेर सिंह और सुनीता वर्मा, भूपिंदर गुप्ता, मोहम्मद सादिक, सुदर्शन कुमार, परवेश सिंह भी मौजूद थे।