हीरानगर। जिला उपायुक्त राहुल पांडे ने शुक्रवार को नियुक्ति के बाद सीमावर्ती इलाकों का पहला दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल की चांदवा पोस्ट पर किसानों और बीएसएफ अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बीएसएफ अधिकारियों ने तारबंदी के आगे खेती करने वाले किसानों को पूरी तरह से सुरक्षा देने के लिए आश्वस्त किया।
वहीं, जिला उपायुक्त ने बैठक में किसानों की समस्याओं को सुना और उनके निदान का आश्वासन दिया। साथ ही डीसी ने कहा कि तारबंदी के आगे खेती करने वाले किसानों को प्राथमिकता पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन, बीएसएफ और किसानों के संयुक्त प्रयास से 20 वर्षों बाद तारबंदी के आगे पिछले साल गेहूं की खेती हुई। पैदावार भी अच्छी हुई, इसलिए किसानों को अगली फसल की तैयारी करनी चाहिए। सुरक्षा के लिए कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। खाद-बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं इस मौके पर उपस्थित बीएसएफ के अधिकारियों ने भी किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तारबंदी के आगे खेती करने वाले किसानों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। इस दौरान सीमावर्ती लोगों ने यहां के युवाओं के लिए विशेष भर्ती रैली कराने की मांग भी जिला उपायुक्त से की। बैठक में बॉर्डर यूनियन के अध्यक्ष नानक चंद, राजेंद्र कुमार और कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।