बिलावर। कोरोना के चलते जहां इलाके में वीकेंड लॉकडाउन लगा है, वहीं कई विभागों के कर्मचारी इस लड़ाई में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग पुलिस सफाई कर्मचारी सेवाएं देकर कोरोना के साथ चल रही लड़ाई में लगे हुए हैं। वहीं इन दिनों बिलावर के इलाके में बिजली विभाग के अस्थायी कर्मचारी लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाने में अहम योगदान निभा रहे हैं।
इन दिनों कोरोना वायरस के चलते ज्यादातर लोग घरों पर ही रहते हैं, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारी 24 घंटे सेवाएं देते हुए इलाके में विद्युत सप्लाई करने में लगे हैं। लोगों को बिजली सुविधा प्रदान करने के लिए अस्थायी कर्मचारी पूरा योगदान दे रहे हैं। आए दिन इलाके में बिजली के फाल्ट को ठीक करते हुए नजर आ रहे हैं। बिलावर के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग के कर्मचारियों पर काम का सबसे अधिक बोझ है और एक कर्मचारी को 10 से 15 गांवों की बिजली की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अगर बिजली बंद हो जाए तो पेयजल पंखा कूलर टीवी से लोग वंचित ना रहे ऐसे में बिजली विभाग के कर्मचारी लोगों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए दिन रात इलाके में काम करते हुए नजर आ रहे हैं और किसी भी समय बिजली विभाग के अस्थायी कर्मचारियों को इलाके में बिजली बहाल करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर खंभों और बिजली के तारों को ठीक करते हुए देखा जा सकता है। वहीं लोग बिजली विभाग के अस्थाई कर्मियों की प्रशंसा करते हुए नजर आते हैं।