फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Kathua News ›   दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लोकतंत्र के लिए दिखा जबरदस्त उत्साह

दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लोकतंत्र के लिए दिखा जबरदस्त उत्साह

Wed, 21 Nov 2018 12:49 AM IST
Updated Wed, 21 Nov 2018 12:49 AM IST
विज्ञापन
दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लोकतंत्र के लिए दिखा जबरदस्त उत्साह
कठुआ। मंगलावर को कठुआ जिले के तीन पहाड़ी ब्लाकों में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण बंपर वोटिंग के साथ संपन्न हुआ। दूसरे चरण में 78.66 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दूरदराज और बर्फीले पहाड़ों से घिरे लोहाई मल्हार ब्लाक में मतदाताओं का जोश सबसे अधिक देखने को मिला। यहां 81.40 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बग्गन ब्लाक में 75.15 फीसदी तो डुगैन ब्लाक में 78.90 फीसदी मतदान दोपहर दो बजे संपन्न हो गया। कुल 32919 मतदाताओं में से 25,736 मतदाताओं ने अपने वोट के अधिकार का प्रयोग किया। तीनों ब्लाक की 25 पंचायतों के 195 वार्डों के 195 पोलिंग स्टेशनों पर चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
विज्ञापन

तीनों ब्लाक से 110 सरपंच और 479 पंच उम्मीदवार चुनाव मैदान में खड़े थे। दूरदराज इलाकों से पोलिंग पार्टियां रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में मतपेटियां लेकर पहुंचती नजर आईं, जिसके बाद मतगणना शुरू हुई। दूसरे चरण के चुनाव में 11 पंच निर्विरोध जीत चुके थे। दोपहर दो बजे के बाद मतगणना का सिलसिला शुरू हुआ और उम्मीदवारों के दिल की धड़कनें भी तेज होती गईं। शाम ढलते तक सभी ब्लाक से नतीजे सामने आने लगे और पंचायतें जश्न में डूब गईं।
विज्ञापन



धूप खिलने के साथ ही मतदान में आई तेजी
मंगलवार सुबह आठ बजे पहाड़ी इलाकों में अच्छी धूप खिलने के साथ ही मतदाता घरों से निकलने और लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने पहुंचने लगे। दूर दराज इलाकों में मतदाता काफी उत्साहित दिखाई दिए। कई कई किलोमीटर पैदल सफर तय कर तो कहीं वाहनों से कई किलोमीटर का फासला तय कर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। सुबह नौ बजे लोहाई मल्हार ब्लाक में 7.7 फीसदी, बग्गन में 5.2 फीसदी और डुगैन ब्लाक में 6.9 फीसदी मतदान हुआ। नौ बजे तक कुल 6.7 फीसदी मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर चुके थे। सुबह दस बजे तक 17.88 फीसदी मतदान तीनों ब्लाक से दर्ज हुआ तो वहीं 11 बजे तक 32 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका था। दोपहर बारह बजे 53.35 फीसदी तो एक बजे तक 67 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका था।
विज्ञापन
विज्ञापन



पहली बार मतदान कर उत्साहित दिखीं शिवालिका और रेवा
पंचायत चुनाव में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाली मछेड़ी की शिवालिका और रेवा काफी उत्साहित दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि पंचायती चुनाव में भाग लेने के लिए वे डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर मछेड़ी हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र तक पहुंचीं हैं। अपने इलाके को विकास के लिहाज से पिछड़ा बताते हुए उन्होंने पंचायती चुनाव से तब्दीली आने की उम्मीद जताई जिससे इलाके का उचित विकास संभव हो सकेगा।

पहली बार पंचायत बनी डल बजोई के लोगों में भारी उत्साह
मछेड़ी से अलग होकर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद पहली बार डल बजोई पंचायत के चुनाव नानगला में संपन्न हुए। सुनील कुमार ने बताया कि पहले के समय से उनके इलाके में विकास हुआ है। सड़केें, बिजली आदि के हालात में भी सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी इलाके की कई जरूरतें हैं, जिसे पंचायत प्रतिनिधि पूरा करवाएं ऐसी पूरी पंचायत को उम्मीद है।

विकास के लिए किया मतदान
बग्गन ब्लाक के धार डुगनू, बग्गन लोअर और बग्गन अपर में हर उम्र के मतदाता अपने पसंदीदा पंचायत प्रतिनिधियों को मतदान करने पहुंचे। युवाओं में भारी जोश देखने को मिला। उन्होंने बताया कि कई युवा नेता भी इस बार सरपंच, पंच की दौड़ में हैं। ऐसे में पढ़े-लिखे और युवा नेताओं के पंचायत प्रतिनिधि बनने से इलाके के बेहतर विकास की उम्मीद है। 84 वर्षीय ज्ञानचंद धार डुगनू लोअर के मतदान केंद्र पर मतदान के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि 1952 में पहली बार वोट किया था। अब दुनिया बदल चुकी है, लेकिन धार डुगनू आज भी दुनिया की पहुंच से दूर ही रहा है। बिजली, पानी तो दूर की बात सड़क भी अभी तक सही तरीके से नहीं बन पाई है। इलाके में पर्यटन की संभावनाओं के बावजूद युवा बेरोजगार हैं।


ढोल की थाप पर झूमे समर्थक
कठुआ/बिलावर। लोहाई मल्हार, डुगैन और बग्गन ब्लाक में जीते सरपंच और पंचों के जश्न में डूबे समर्थक कहीं मिठाइयां बांटते नजर आए तो कहीं ढोल की थाप पर नाचते नजर आए। मछेड़ी में दोपहर तीन बजे के बाद पंच सरपंचों की विजय रैली निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे इलाके में जहां नजर जाती, वहीं समर्थकों का हुजूम पहाड़ी ढोल की थाप और बांसुरी की धुन पर नाचता दिखाई देता। मतगणना केंद्र से बाहर निकलते विजेता पंचों-सरपंचों को समर्थकों ने कंधे पर उठा लिया। विजेताओं ने भी मतदाताओं का अभिवादन स्वीकार किया और गली मोहल्लों से लेकर गांव-गांव तक रैलियां देर रात तक निकाली गईं। ब्यूरो



महानपुर ब्लॉक में सभी नामांकन सही
महानपुर। पंचायत चुनाव के आठवें चरण के महानपुर ब्लाक के सभी नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए। महानपुर ब्लॉक में मंगलवार को सरपंच और पंच पद के लिए हो रहे चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरे गए। जांच में सभी सही पाए गए। जानकारी के अनुसार अब तक 66 सरपंच और 245 पंच के फार्म भरे गए हैं। इनमें सरपंच पद के लिए 41 पुरुष और 25 महिलाओं ने फॉर्म भरे और पंच पद के लिए 168 पुरुष और 77 महिलाओं ने फार्म भरे हैं। 22 नवंबर को प्रत्याशियों का नाम वापस लेने का अंतिम दिन है। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed