{"_id":"6384dbcb88f093274127dfa9","slug":"rajyavardhan-singh-rathore-commented-on-gehlot-government-and-rahul-gandhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"Politics: 'बीजेपी को इमेज बनाने की जरूरत नहीं...और राहुल की छवि के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही कांग्रेस'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Politics: 'बीजेपी को इमेज बनाने की जरूरत नहीं...और राहुल की छवि के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही कांग्रेस'
Mon, 28 Nov 2022 09:33 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Mon, 28 Nov 2022 09:33 PM IST
सार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सोमवार को प्रदेश की गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान पूरे देश में दुष्कर्म में नंबर वन है, जबकि राजस्थान सरकार प्रदेश की जनता को पानी पिलाने में आखरी पायदान पर है।
विज्ञापन
सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सांसद राज्यवर्धन सिंह ने गहलोत सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा, राजस्थान सरकार को राहुल गांधी की इमेज की चिंता तो है, लेकिन राजस्थान की इमेज की चिंता नहीं है। ये लोग राहुल गांधी की इमेज बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर यात्रा निकालते हैं, लेकिन हमें अपनी इमेज बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। क्योंकि हम सच्चे मन से देश सेवा करते हैं।
विज्ञापन
राठौड़ ने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष सीपी जोशी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वो एक संवैधानिक पद पर होते हुए भी राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हो रहे हैं। विधायकों ने उन्हें इस्तीफे सौंपे, बावजूद इसके उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे विधान सभा अध्यक्ष क्या निर्णय लेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राहुल गांधी की इमेज तैयार करने के लिए 5वीं-छठवीं बार यात्रा कर रहे हैं। लेकिन हम लोगों को अपनी इमेज तैयार करने नहीं पड़ती, हम सच्चे मन से देश की सेवा करते हैं। इन्हें अपनी इमेज बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते हैं और बार-बार इमेज बनानी पड़ती है। आज राजस्थान सरकार को राहुल गांधी की इमेज की चिंता है, जबकि उन्हें राजस्थान की इमेज की चिंता होनी चाहिए।
विज्ञापन
'प्रत्येक घर तक पीने का पानी पहुंचे'
राज्यवर्धन सिंह ने कहा कि राजस्थान में प्रत्येक घर तक पीने का पानी पहुंचे, इसके लिए मोदी सरकार ने राजस्थान को 26 हजार करोड़ रुपये दिए। लेकिन राजस्थान सरकार अभी तक उसमें से सिर्फ चार हजार करोड़ रुपये ही खर्च कर पाई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार केंद्र की योजना को रोकने का काम कर रही है। राजस्थान सरकार को इस बात की चिंता होती है कि टेंडर किसको मिलेगा, इस बात की चिंता नहीं होती कि पानी जल्दी से जल्दी घर तक पहुंचे। एक साल टेंडर चलते हैं और फिर रद्द हो जाते हैं। उसके बाद कीमतों में बदलाव आ जाता है। घर-घर जल पहुंचाने की योजना में पूरे देश में राजस्थान सबसे आखरी पायदान पर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान दुष्कर्म में पूरे देश में नंबर वन है, लेकिन पानी पिलाने में सबसे लास्ट है।
विज्ञापन
'जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही'
राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि जनता के आक्रोश को आवाज लगाने के लिए जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। इसके तहत पूरे प्रदेश में 35 हजार से अधिक नुक्कड़ सभाएं, रथ यात्राएं निकलेंगी। भरतपुर में 3 दिसंबर को जनाक्रोश यात्रा निकलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने कांग्रेस सरकार को जो जिम्मेदारी दी, वो उन्होंने बिल्कुल नहीं निभाई। सरकार बनने के पहले ही साल से उनकी अंदरूनी कलह, रस्साकस्सी सामने आ गई। उनकी अंदरूनी कलह की वजह से ही बीते चार साल में राजस्थान में कांग्रेस की चाल बिगड़ी और उससे राजस्थान की जनता का चेहरा भी बिगड़ गया।
सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, जो राजस्थान पूरे देश में शौर्य और महिलाओं की इज्जत के लिए पहचाना चाहता था, उसी राजस्थान में दुष्कर्म, छेड़छाड़ और आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। दुष्कर्म में राजस्थान नंबर वन है। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान में हर दिन 18 महिला और बहनों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। हर महीने 600 से ज्यादा अपहरण हो रहे हैं, 500 से ज्यादा हत्याएं हो रही हैं। राठौर ने कहा कि जिस होर्डिंग पर सीएम का चेहरा लगा होता है, उसकी सुरक्षा हो जाती है। जिन होटलों में मुख्यमंत्री और नेता जाते हैं उनकी थ्री लेयर सुरक्षा हो जाती है, लेकिन जनता की सुरक्षा नहीं कर पाते।
उन्होंने कहा कि चुनावों के समय कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे किए और उसमें प्रदेश की जनता गुमराह हो गई। प्रदेश के किसान की ना तो कर्ज माफी हुई, ना लाखों युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला। यहां तक कि राजस्थान का युवा स्वाभिमान से परीक्षा पास करके नौकरी हासिल करना चाहता है, लेकिन बीते वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं के करीब 10 पेपर लीक और रद्द हुए हैं। बावजूद इसके राजस्थान सरकार ने पेपर लीक में शामिल लोग और संस्थाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
'आठ लाख मीट्रिक टन यूरिया खाद की डिमांड'
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केंद्र को आठ लाख मीट्रिक टन यूरिया खाद की डिमांड भेजी थी, लेकिन केंद्र सरकार ने 12 लाख मीट्रिक टन यूरिया सप्लाई किया। लेकिन राजस्थान सरकार अपनी सप्लाई की जिम्मेदारी भी पूरी तरह से नहीं निभा पाया और राजस्थान में धड़ल्ले से खाद की कालाबाजारी हो रही है। राठौड़ ने राजस्थान सरकार के एक मंत्री पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री के जन्मदिन में पैसे या मिठाई नहीं बांटे गए, बल्कि तीन रैक यूरिया के वितरित किए गए। जबकि पूरे प्रदेश के किसान यूरिया के लिए परेशान थे।
राठौड ने पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी खुद कहते हैं कि हमें जेल में डाल दो। यदि किसी के खिलाफ केस हो जाता है तो वो बेल नहीं लेना चाहता। लेकिन राजस्थान के अंदर आज की तारीख में 500 से अधिक रजिस्टर्ड गैंगस्टर हैं। ये सभी वो हैं, जो उत्तर प्रदेश में पीट रहे हैं और संरक्षण के लिए भाग-भागकर राजस्थान आ रहे हैं। राजस्थान में कन्हैया जैसे लोगों की गर्दन कट रही है और उन्मादी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। राजस्थान में कानून व्यवस्था कमजोर पड़ रही है। राजस्थान के गृहमंत्री जो कि खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं, उनका पूरा फोकस अपनी कुर्सी की तरफ है।
'कुर्सी बचाओ स्कीम शुरू'
राजवर्धन सिंह ने कहा कि राजस्थान में इन दिनों कुर्सी बचाओ स्कीम शुरू की गई है। उस स्कीम के तहत प्रत्येक विधायक को खुली छूट दी गई है। प्रत्येक विधायक को मंत्री या किसी बोर्ड का चेयरमैन तो बना नहीं सकते, इसलिए सभी को लूट की खुली छूट दे रखी है। विधायकों और नेताओं की सहमति से अधिकारी लगाए जाते हैं ताकि वो उनकी लूट में मदद कर सकें। ना कि जनता की सेवा के लिए। आज ऐसा महसूस होता है कि राजस्थान सरकार उग्रवादी, गुंडों के सामने सरेंडर हो रखी है। राजवर्धन सिंह ने कहा कि यह जन आक्रोश यात्रा इसीलिए निकाली जा रही है ताकि है राजस्थान सरकार, प्रदेश की जनता के सामने सरेंडर हो। भारतीय जनता पार्टी जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से जनता के मन में दबे आक्रोश को आवाज लगा रही है।