जाट आरक्षणः बांदीकुई-आगरा ट्रैक से हटे आंदोलनकारी, ट्रेनों का संचालन जल्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरक्षण की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह उग्र हुए भरतपुर और धौलपुर के जाट शाम से वार्ताओं का दौर शुरू होते ही नरम पड़ गए हैं। आंदोलनकारियों ने ट्रैक व सड़कों से हटना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पहले दौर की वार्ता समाप्त होने और दूसरे दौर की वार्ता शुरू होने के साथ ही बांदीकुई-आगरा ट्रैक से जाट आंदोलनकारी हट गए। रेलवे के अनुसार इस ट्रैक की जांच शुरू कर दी है और शीघ्र ही ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
जाट आरक्षण आंदोलन कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह के नेतृत्व में हो रहा है। वार्ता में अधिकारियों ने विश्वेंद्र सिंह से हाईवे व ट्रैक खाली करवाने के लिए कहा था।
राजस्थान सरकार ने वरिष्ठ आईएएस समित शर्मा को जयपुर से भरतपुर विश्वेंद्र सिंह व अन्य प्रतिनिधियों से वार्ता करने भेजा था। उनके भरतपुर पहुंचने के बाद वार्ता शुरू हो चुकी है। वे बैठक में सरकार का पक्ष रख रहे हैं।
इससे पहले, भरतपुर जिला कलेक्टर एनके गुप्ता व डीसी सुबीर कुमार के साथ पहले दौर की वार्ता में संघर्ष समिति के संरक्षक व कांग्रेस विधायक विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि वार्ता सकारात्मक रही है।
गौरतलब है कि राजस्थान में जाटों के आरक्षण को लेकर अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने बृहस्पतिवार को ही अपनी रिपोर्ट सीएम वसुंधरा राजे को सौंप दी है, उसके बाद भी जाटों का आंदोलन जारी है।