{"_id":"64820aec448c1fd9ad09f6f5","slug":"ysrcp-mp-avinash-reddy-arrested-by-cbi-but-released-in-ex-minister-murder-case-2023-06-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Telangana : पूर्व मंत्री की हत्या मामले में सीबीआई ने वाईएसआर कांग्रेस सांसद को किया गिरफ्तार, उसी दिन छूटे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Telangana : पूर्व मंत्री की हत्या मामले में सीबीआई ने वाईएसआर कांग्रेस सांसद को किया गिरफ्तार, उसी दिन छूटे
Thu, 08 Jun 2023 10:37 PM IST
Jeet Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 08 Jun 2023 10:37 PM IST
सार
अविनाश रेड्डी वर्तमान में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चचेरे भाई हैं। अविनाश रेड्डी तीन जून को केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश हुए थे और इसके बाद उन्हें सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था
विज्ञापन
CBI
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीबीआई ने वाईएसआर कांग्रेस के सांसद वाई एस अविनाश रेड्डी को पूर्व मंत्री वाई एस विवेकानंद रेड्डी की हत्या के सिलसिले में गुरुवार को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह उसी दिन छूट गए क्योंकि तेलंगाना उच्च न्यायालय ने पहले उन्हें अग्रिम जमानत दे दी थी। पूर्व मंत्री विवेकानंद रेड्डी रिश्ते में सांसद वाई एस अविनाश रेड्डी के चाचा लगते थे। अविनाश रेड्डी आंध्र प्रदेश के कडप्पा से लोकसभा सदस्य हैं।
विज्ञापन
सूत्रों ने कहा कि सांसद अविनाश रेड्डी तीन जून को केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश हुए थे और इसके बाद उन्हें सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि कुछ औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उसी दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया। उनको जांच में सहयोग करने और मामले के संबंध में जून 2023 के अंत तक हर शनिवार को सीबीआई के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था।
विज्ञापन
तेलंगाना हाईकोर्ट ने आदेश में कहा कि सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी की स्थिति में याचिकाकर्ता को पांच लाख रुपये के निजी मुचलके पर और इतनी ही राशि की दो जमानत राशि के साथ जमानत पर रिहा किया जाता है। कोर्ट ने माना कि सांसद ने सभी शर्तों को पूरा किया है। अदालत ने उन्हें जांच पूरी होने तक सीबीआई की पूर्व अनुमति के बिना देश नहीं छोड़ने के लिए भी कहा और आदेश दिया कि वह अभियोजन पक्ष के गवाहों के साथ छेड़छाड़ नहीं करेंगे या किसी सबूत से छेड़छाड़ नहीं करेंगे।
विज्ञापन
अविनाश रेड्डी वर्तमान में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के चचेरे भाई हैं। उनके पिता वाई एस भास्कर रेड्डी को सीबीआई ने 16 अप्रैल को हत्या के संबंध में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अविनाश ने अग्रिम जमानत के लिए तेलंगाना उच्च न्यायालय का रुख किया। इस बीच, भास्कर रेड्डी द्वारा स्वास्थ्य आधार पर दायर की गई जमानत अर्जी पर सीबीआई की विशेष अदालत नौ जून को अपना आदेश सुना सकती है।
आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी के भाइयों में से एक विवेकानंद रेड्डी की राज्य में विधानसभा चुनाव से हफ्तों पहले 15 मार्च, 2019 की रात को कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच शुरू में राज्य अपराध जांच विभाग के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई थी, लेकिन जुलाई 2020 में इसे सीबीआई को सौंप दिया गया था।