फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Why Sanjay Singh house raided in Delhi liquor scam, what are allegations against him

Sanjay Singh: क्या है शराब घोटाला, जिसमें हुई संजय सिंह की गिरफ्तारी? जानें क्या आरोप और अब तक क्या-क्या हुआ

Wed, 04 Oct 2023 05:50 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Wed, 04 Oct 2023 05:50 PM IST
विज्ञापन
सार
Sanjay Singh Arrested: ईडी दिल्ली सरकार की नई शराब नीति को बनाने और लागू करने में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है। इसी क्रम में एजेंसी ने बुधवार को आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि शराब नीति घोटाले में संजय सिंह का नाम पहली बार दिसंबर 2022 में सामने आया था। 
 
loader
Why Sanjay Singh house raided in Delhi liquor scam, what are allegations against him
आप सांसद संजय सिंह - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

दिल्ली शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले बुधवार को ईडी की टीम ने उनके दिल्ली स्थित आवास पर छापेमारी की थी। पहले इसी मामले में आप नेता के कई करीबियों के भी परिसरों की तलाशी ली गई थी। 


संजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद सियासत भी शुरू हो गई है। भाजपा ने एक बयान में कहा कि पार्टी पहले से कह रही थी कि शराब घोटाला करके आप ने जनता को लूटा है। वहीं, आप ने कहा कि पिछली बार भी संजय सिंह के नाम की गड़बड़ी हुई थी फिर भी उत्तर नहीं मिला।


आइये जानते हैं कि आखिर क्या है दिल्ली शराब घोटाला? मामले में क्या आरोप लगे हैं? घोटाले में कितने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है? संजय सिंह की गिरफ्तारी क्यों हुई? संजय सिंह पर क्या आरोप है?

पहले जानते हैं आखिर क्या है शराब नीति घोटाला? 
कोरोना काल के बीच दिल्ली सरकार ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 लागू की थी। इस शराब नीति के कार्यान्वयन में कथित अनियमितता की शिकायतें आईं जिसके बाद उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। इसके साथ ही दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 सवालों के घेरे में आ गई। हालांकि, नई शराब नीति को बाद में इसे बनाने और इसके कार्यान्वयन में अनियमितताओं के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया था।
 

शराब नीति घोटाला
शराब नीति घोटाला - फोटो : AMAR UJALA
ईडी के जांच सीबीआई से अलग कैसे है?
सीबीआई ने अगस्त 2022 में इस मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ नियमों के कथित उल्लंघन और नई शराब नीति में प्रक्रियागत गड़बड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की। बाद में सीबीआई द्वारा दर्ज मामले के संबंध में ईडी ने पीएमएलए के तहत मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले की जांच शुरू कर दी। 

ईडी और सीबीआई दिल्ली सरकार की नई शराब नीति में कथित घोटाले की अलग-अलग जांच कर रही हैं। ईडी नीति को बनाने और लागू करने में धन शोधन के आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, सीबीआई की जांच नीति बनाते समय हुई कथित अनियमितताओं पर केंद्रित है।

मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया - फोटो : एएनआई
अभी तक कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं?
दिल्ली शराब नीति अनियमितता मामले की जांच कर रही दोनों एजेंसियां सीबीआई और ईडी अब तक 15 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। इसमें संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, विजय नायर, समीर महेंद्रू, अरुण रामचंद्रन, राजेश जोशी, गोरन्तला बुचिबाबू, अमित अरोड़ा, बेनॉय बाबू (फ्रांसीसी शराब कंपनी पर्नोड रिकार्ड के महाप्रबंधक), पी सरथ चंद्र रेड्डी, अरबिंदो फार्मा के पूर्णकालिक निदेशक और प्रमोटर, व्यवसायी अमनदीप धाल और व्यवसायी अभिषेक बोइनपल्ली शामिल हैं।

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो - फोटो : संवाद
ईडी की जांच में क्या निकला?
इसी साल जनवरी में ईडी ने एक पूरक चार्जशीट दायर कर दावा किया कि आप के शीर्ष नेताओं ने खुद के लिए अवैध धन जुटाने के उद्देश्य से आबकारी नीति बनाई थी। ईडी ने आरोप लगाया कि साजिश निजी संस्थाओं को थोक व्यापार देने और उसी से छह फीसदी रिश्वत पाने के लिए 12 फीसदी मार्जिन तय करने की थी।

ईडी ने अपनी चार्जशीट में शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को साजिश का सरगना और मुख्य लाभार्थियों में से एक बताया था। इसमें महेन्द्रू, विजय नायर, पी. सरथ चंद्र रेड्डी, बिनॉय बाबू, अभिषेक बोइनपल्ली, अमित अरोड़ा और 11 कंपनियों सहित कुल 17 संस्थाओं को आरोपी बनाया गया।

इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री की बेटी के कविता से भी शराब नीति मामले में पूछताछ की गई है। इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से भी पूछताछ की गई है। कहा गया कि केजरीवाल को मामले में गवाह के तौर पर जांच के लिए बुलाया गया था।

संजय सिंह के घर पर ईडी की छापेमारी
संजय सिंह के घर पर ईडी की छापेमारी - फोटो : ANI
दिल्ली शराब घोटाले में अभी क्या हुआ है?
प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार सुबह से आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के दिल्ली आवास पर छापेमारी की। यह तलाशी शराब घोटाला मामले में की गई। शाम होते-होते केंद्रीय एजेंसी ने आप नेता को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि इस साल मई में ईडी ने संजय सिंह के दो सहयोगियों अजीत त्यागी और सर्वेश मिश्रा के घरों पर छापेमारी की थी। 

संजय सिंह
संजय सिंह - फोटो : सोशल मीडिया
संजय सिंह गिरफ्तार क्यों हुए, उन पर क्या आरोप हैं?
शराब नीति घोटाले में संजय सिंह का नाम पहली बार दिसंबर 2022 में सामने आया था। तब ईडी ने आरोपपत्र में कारोबारी दिनेश अरोड़ा के बयान के हिस्से के रूप में आप नेता के नाम का उल्लेख किया गया था। एजेंसी ने दावा किया कि दिनेश अरोड़ा ने उन्हें बताया कि वह शुरू में संजय सिंह से मिले थे, जिनके जरिए वह बाद में एक रेस्तरां में एक पार्टी के दौरान मनीष सिसोदिया से मिले। 

आरोप पत्र में कहा गया कि संजय सिंह के कहने पर चुनावों के लिए पार्टी फंड इकट्ठा करने के लिए सिसोदिया को पैसे देने की व्यवस्था की थी। अरोड़ा के हवाले से शिकायत में यह भी कहा गया कि उन्होंने सिसोदिया से पांच-छह बार बात की और संजय सिंह के साथ केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की।

संजय सिंह, आप सांसद
संजय सिंह, आप सांसद - फोटो : वीडियो ग्रैब
आरोपों पर संजय सिंह का क्या रुख है?
इससे पहले मई में संजय सिंह ने वित्त सचिव टीवी सोमनाथन को एक पत्र लिखा। उस पत्र में आप नेता ने कहा था कि ईडी निदेशक और सहायक निदेशक ने जानबूझकर बिना किसी आधार के कथित शराब घोटाले से उनका नाम जोड़ा, उनकी सार्वजनिक छवि खराब की और उन्हें बदनाम किया।

संजय सिंह ने कहा था कि उनका नाम कारोबारी दिनेश अरोड़ा के बयान के आधार पर जोड़ा गया है। आप नेता ने यह भी आरोप लगाया था कि अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करके उनकी सार्वजनिक छवि खराब की है और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की। इससे पहले आप सांसद ने अधिकारियों को सार्वजनिक माफी जारी करने के लिए कानूनी नोटिस भेजा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed