Republic Day Parade: ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, बंगाल की प्रस्तावित झांकी को खारिज करने पर जताई नाराजगी
पत्र में उन्होंने परेड में पश्चिम बंगाल के स्वतंत्रता सेनानियों की झांकी को शामिल करने का अनुरोध किया।
विस्तार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आने वाले गणतंत्र दिवस परेड के लिए पश्चिम बंगाल की प्रस्तावित झांकी की अस्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने परेड में पश्चिम बंगाल के स्वतंत्रता सेनानियों की झांकी को शामिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड से पश्चिम बंगाल की झांकी को खारिज करने संबंधी केंद्र के फैसले से चकित हूं। बंगाल की झांकी को बिना कोई कारण बताए खारिज किया गया।
West Bengal CM Mamata Banerjee writes to PM Modi over the "rejection of proposed tableau of West Bengal for the ensuing Republic Day Parade" and requests to "include the tableau of freedom fighters from West Bengal in the parade" pic.twitter.com/2vtVEA2Hoe
— ANI (@ANI) January 16, 2022विज्ञापन
ममता बनर्जी ने मोदी को लिखे दो पन्नों के पत्र में कहा कि मैं भारत सरकार के आगामी गणतंत्र दिवस परेड से पश्चिम बंगाल सरकार की प्रस्तावित झांकी को अचानक बाहर करने के निर्णय से स्तब्ध और आहत हूं। यह हमारे लिए और भी चौंकाने वाली बात है कि झांकी को बिना कोई कारण या औचित्य बताए खारिज कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित झांकी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती वर्ष पर उनके और आजाद हिन्द फौज के योगदान की स्मृति में बनाई गई थी। मैं आपको सूचित करना चाहती हूं कि पश्चिम बंगाल के लोग केंद्र सरकार के इस रवैये से बहुत आहत हैं। यह जानकर हैरानी होती है कि यहां के बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्वतंत्रता के 75वें वर्ष पर गणतंत्र दिवस समारोह में इस अवसर को मनाने के लिए कोई जगह नहीं मिली है।