{"_id":"6664edc4b856b6787707fdc4","slug":"weather-updates-second-round-of-heat-wave-from-today-no-relief-expected-for-five-days-2024-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज से लू का दूसरा दौर: पांच दिन राहत के आसार नहीं; उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिन पारा चढ़ने की संभावना","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
आज से लू का दूसरा दौर: पांच दिन राहत के आसार नहीं; उत्तर पश्चिम भारत में अगले दो दिन पारा चढ़ने की संभावना
Sun, 09 Jun 2024 05:18 AM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Sun, 09 Jun 2024 05:18 AM IST
सार
बीते 24 घंटे के दौरान हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश, दक्षिण पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश और दक्षिण पश्चिम बिहार के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। अगले दो दिन के दौरान इसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि की संभावना है।
विज्ञापन
गर्मी अभी और सताएगी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर पश्चिम भारत में रविवार से लू का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वी और पूर्वी मध्य भारत, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शनिवार को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिन पारा चढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन
बीते 24 घंटे के दौरान हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश, दक्षिण पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश और दक्षिण पश्चिम बिहार के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। अगले दो दिन के दौरान इसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि की संभावना है। देश के अन्य हिस्से में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ऊपर है। पूर्वी, मध्य और पश्चिम भारत में गर्मी झुलसा रही है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
विज्ञापन
गुजरात में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 और 12 जून को गुजरात के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहेगी। गुजरात में मानसून की तय तारीख 15 जून है। हालांकि, संभावना है कि यह समय से पहले गुजरात में प्रवेश कर जाएगा।
विज्ञापन
आधे भारत तक पहुंचा मानसून, पांच दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक में भारी बारिश संभव
दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है और लगभग आधे भारत तक पहुंच गया है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल हैं। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिसके प्रभाव से उत्तर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों यानी पहाड़ी राज्यों के ज्यादातर हिस्सों में कहीं हल्की, तो कहीं उससे कुछ ज्यादा बारिश हो रही है।
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, दक्षिण महाराष्ट्र, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ-साथ तटीय आंध्र प्रदेश में शेष हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों और मुंबई और तेलंगाना सहित महाराष्ट्र के अतिरिक्त क्षेत्रों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। इसके प्रभाव में अगले पांच दिनों में पूरे महाराष्ट्र और तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। महाराष्ट्र में 11 जून तक और कर्नाटक में नौ जून को अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल में आज हल्की बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अरब सागर से दक्षिण पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। अभी और दो दिन ऐसी परिस्थिति बने रहने की संभावना है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में 9 जून को हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है।
खराब मौसम से उड़ान डायवर्ट
केरल में मानसून के प्रभाव में जोरदार बारिश हो रही है। इसके चलते कोझीकोड समेत राज्य के कई जिलों में मौसम खराब हो गया है। शनिवार को दुबई से कालीकट हवाईअड्डे पर आई एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को खराब मौसम के कारण कोच्चि डायवर्ट किया गया। विमान में 173 यात्री सवार थे। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तड़के 2:47 बजे विमान की लैंडिंग हुई।