Mizoram: बारिश के बाद मिजोरम को भारत के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले NH-6 पर भूस्खलन, फिलहाल कोई हताहत नहीं
मिजोरम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन आइजोल के पश्चिमी बाहरी क्षेत्र में हंथर इलाके में हुआ। घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के उक्त हिस्से से मलबा हटाने का काम जारी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन हुआ है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान की ओर बढ़ा 'बिपरजॉय, गुजरात में भारी बारिश के आसार; शाम तक कमजोर होगा तूफान
मेघालय में 3 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में तीन करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की गई है। इस मामले में शुक्रवार को दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
सीएम कोनराड के संगमा ने पुलिस के इस प्रयास के लिए सराहना की है। संगमा ने ट्विटर पर पुलिस की तारीफ करते हुए पोस्ट में लिखा, 'सफलता की गाथा जारी है! दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थों के तस्करों ने शिलांग में नशीली दवाओं के लेनदेन को सक्षम करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और 3 करोड़ रुपये की हेरोइन, एक बाइक और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए।'
मेघालय के पुलिस महानिदेशक डॉ एल आर बिश्नोई ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि निरंतर कार्रवाई से मादक पदार्थों के तस्करों पर विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा।
वहीं, पूर्वी खासी हिल्स जिले के एसपी एस नोंगटिंगर ने बताया कि एक आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान हथियार और गोला-बारूद, दो लाख रुपये नकद और चार वाहन जब्त किए गए। इस बीच, मेघालय पुलिस ने पश्चिम गारो हिल्स जिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और कुल 10 लाख रुपये मूल्य के नकली भारतीय नोट जब्त किए। डीजीपी ने कहा कि दोनों तस्करों ने साप्ताहिक बाजारों में नकली नोटों की आपूर्ति करने की योजना बनाई थी। उनके अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.