फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weather Alert Snowfall in the mountains of North India continuous rain in the plain area

Weather Alert: उत्तर भारत के पहाड़ों में हिमपात, मैदानों में लगातार बारिश

Wed, 06 Jan 2021 04:26 AM IST
देव कश्यप ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली
ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली Published by: देव कश्यप Updated Wed, 06 Jan 2021 04:26 AM IST
विज्ञापन
Weather Alert Snowfall in the mountains of North India continuous rain in the plain area
ऊंचे पहाड़ों पर जमकर हिमपात हुआ - फोटो : अमर उजाला

उत्तर भारत में मंगलवार को ऊंचे पहाड़ों पर जमकर हिमपात हुआ तो मैदानी भागों में लगातार बारिश दर्ज की गई। भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड पर आवाजाही बंद रहने से कश्मीर घाटी का संपर्क लगातार तीसरे दिन देश के अन्य हिस्सों से कटा रहा।

विज्ञापन


राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे करीब 4500 गाड़ियां विभिन्न स्थानों पर फंस गई हैं, जिनमें अधिकतर आवश्यक सामान ला रहे ट्रक हैं। हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी के कारण रास्ते बंद होने से पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं, जबकि उत्तराखंड के डीडीहाट इलाके में तापमान नीचे गिरने से नलों में पानी जम गया और मुनस्यारी-धारचूला आदि में जमकर बर्फबारी दर्ज की गई है।
विज्ञापन



विज्ञापन
विज्ञापन




दिल्ली में भी लगातार तीसरे दिन बारिश जारी रही, लेकिन न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब छह अंक ज्यादा है। मौसम विभाग ने इसके लिए बादलों के छाए रहने से गर्म गैसीय हवाओं की मौजूदगी राजधानी के वातावरण में ही बने रहने को कारण माना है। अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री रहा। सफदरजंग वेधशाला ने राजधानी में शाम 5.30 बजे तक 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की थी।

पंजाब और हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के बावजूद शीतलहर का प्रकोप जारी रहा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने व तूफानी हवाओं के बीच अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश देखने को मिली। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई व उसके आसपास भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जल भराव हो गया है। इसके चलते पूरे शहर में भारी ट्रैफिक जाम के हालात बने रहे।

धारचूला के कुटी गांव में चार फुट बर्फबारी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ क्षेत्र के डीडीहाट और नारायणनगर के कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के कारण पानी के नल पूरी तरह जम गए हैं। धारचूला के कुटी गांव में चार फुट और गुंजी मनीला में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। लिपुलेख सड़क से बर्फ हटाने का काम दूसरे दिन भी जारी रहा। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिलों के ऊंचे इलाकों में भी सोमवार देर रात से शुरू हुई बर्फबारी मंगलवार को भी जारी रही।

नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा में शाम के वक्त हुई बारिश ने ठंड का असर बेहद तेज कर दिया है, लेकिन किसानों के चेहरे खिल गए हैं। कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। हर्षिल घाटी और मोरी व बडकोट इलाकों में भी बर्फबारी जमकर हुई है। देहरादून समेत राज्य के समूचे मैदानी इलाकों में भयानक शीतलहर चल रही है।

श्रीनगर एयरपोर्ट के रनवे पर बर्फ जमी, उड़ानें रद्द, परीक्षाएं भी टलीं
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में भारी बर्फबारी से जनजीवन पटरी से उतर गया है, जबकि जम्मू व अन्य मैदानी इलाकों में भारी बारिश से ठंड का कहर बढ़ गया है। श्रीनगर जाने वाली सभी उड़ानें लगातार दूसरे दिन रद्द रहीं। रनवे पर बर्फ जमने से फिसलन हो गई है। घाटी के आधे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण बिजली गुल है। रामबन-बनिहाल के बीच कई हिस्सों में लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है।

प्रदेश के अन्य कई जिलों में दर्जनों संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। जवाहर सुरंग से बर्फ हटाने में विशेषज्ञों ने कई दिन का समय लगने का अनुमान जताया है। जिला राजोरी और पुंछ को जोड़ने वाला मुगल रोड (कश्मीर) पहले से ही बंद है। पुंछ में बारिश के बीच एक कार पर पेड़ गिरने से तीन लोग घायल हो गए। श्रीनगर के अंदर ही कई हिस्सों में 1-2 फुट बर्फ गिरने के कारण यातायात बंद हो गया है, जबकि शहर के आधे इलाकों में बिजली सप्लाई भी ठप हो गई है। खराब मौसम को देखते हुए कश्मीर संभाग में 6 जनवरी को होने वाली 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

बर्फबारी के बीच रास्ते पर महिला ने बच्चे को दिया जन्म

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले की खलेर बेल्ट में भारी बर्फबारी के कारण अस्पताल जा रही एक गर्भवती को रास्ते में स्ट्रेचर पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। जराकान गांव, खलेर निवासी अख्तर जान पत्नी पापा पोसवाल और उनका बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।

बांदीपोरा और अवंतिपोरा में पुलिस ने बचाए यात्री
भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंसे यात्रियों को बांदीपोरा और अवंतिपोरा पुलिस ने बचाव अभियान चलाया। अवंतिपोरा पुलिस ने अपने वाहन में अवंतिपोरा से एक गर्भवती महिला को उपजिला अस्पताल पंपोर शिफ्ट किया तो डडसारा क्षेत्र से भी एक गर्भवती को द्रंबुल त्राल से उपजिला अस्पताल त्राल पहुंचाया गया।


हिमाचल में तीन हाईवे समेत 322 सड़कें ठप, पांच जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा हिमपात, जबकि मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन प्रतिष्ठान मनाली (सासे) ने शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले में छह जनवरी तक हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, बुुधवार को भी प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। ताजा हिमपात और बारिश से नेशनल हाईवे जलोड़ीजोत, रोहतांग पास, एनएच-305, स्टेट हाईवे लाहौल स्पीति समेत 322 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं। रोहतांग को लाहौल स्पीति से जोड़ने वाली अटल टनल भी लगातार तीसरे दिन बंद रही। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मनाली से अटल टनल मार्ग तक बर्फ हटाने का काम रोक दिया है।

लाहौल और भरमौर में भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी में मंगलवार को भूकंप के दो झटके महसूस किए गए हैं। पहला झटका दोपहर 12:28 बजे और दूसरा 1:09 बजे महसूस किया गया। चंबा के भरमौर में मंगलवार दोपहर 1:10 बजे भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया है। भूकंप के झटकों से कहीं भी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed