UP Politics: 'मिशन 100' दिन की तैयारियों में जुटी BJP, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों की लगाई ड्यूटी
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
उत्तर प्रदेश में लोकसभा के चुनावों से पहले भाजपा ने अपनी मुकम्मल तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में भाजपा ने न सिर्फ अपने केंद्रीय मंत्रियों की जिम्मेदारियां उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के लिए दी हैं, बल्कि अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी उत्तर प्रदेश में डेरा डालने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। भाजपा ने अगले 100 दिनों के भीतर प्रत्येक वार्ड के हर घर तक पहुंचने का मेगा टास्क भी अपने पदाधिकारियों को दे दिया है। यही नहीं पार्टी उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर प्रत्याशी भी घोषित करने वाली है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले मजबूती के साथ सियासी मैदान में उतरने के लिए कमर कस ली है। इसके लिए बाकायदा उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा राज्य में मजबूती के साथ सभी कील कांटे दुरुस्त करने में जुटे हैं। जानकारी के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा ने राज्य के प्रमुख नेताओं समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन भी किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 100 दिन का बड़ा सियासी एजेंडा तैयार किया है। इस एजेंडे को मजबूती से जमीन पर उतारने के लिए लोकसभा प्रभारी समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पूरी तैयारी भी कर ली है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कहते हैं कि 100 दिन के भीतर भाजपा अपने अभियानों के माध्यम से प्रत्येक घर तक पहुंचने जा रही है। इसके लिए बाकायदा पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं। उनका कहना है कि योजना के मुताबिक अगले 100 दिन के भीतर प्रत्येक लोकसभा के प्रत्येक वार्ड के हर घर तक उनके कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुचेंगे। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक अभी भी प्रदेश के सभी प्रमुख नेता 'गांव परिक्रमा यात्रा' और 'गांव चलो अभियान' के तहत प्रवास कार्यक्रम कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री से लेकर उपमुख्यमंत्री तक शामिल हैं। अगले 100 दिन के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाजपा उत्तर प्रदेश में दलित बस्तियों में भी संपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी इन्हीं 100 दिनों के भीतर अपने घोषणा पत्र को बनाने से पहले जनता के सुझाव भी लेगी।
यही नहीं भाजपा ने अपने अभियानों की मजबूती के लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों से लेकर अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ड्यूटी भी लगा दी है। इस कड़ी में रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट समेत केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल को पहले चरण में उत्तर प्रदेश भेजने की योजना है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल 23 फरवरी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास वाले जिले सीतापुर में एक बड़ी बैठक करेंगे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट को अयोध्या में जाकर लोगों के बीच पहुंचने का निर्देश दिया गया है। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में जल्द ही और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश में लोगों के बीच प्रवास करने के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में शहरों और गांवो में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
इन सभी तैयारियों के बीच भाजपा की उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों के एलान की भी तैयारी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक भाजपा अपनी इन हारी हुईं 14 सीटों पर सबसे पहले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी। इन सीटों में सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, नगीना, मुरादाबाद, संभल, गाजीपुर, घोसी, रायबरेली, लालगंज, जौनपुर, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती और मैनपुरी शामिल हैं। भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इन सभी 14 सीटों पर संभावित प्रत्याशियों के नामों की चर्चा लोकसभा प्रभारी बैजयंत पांडा के साथ हुई है। सूत्रों के मुताबिक प्रत्येक सीट पर तीन नामों पर विचार किया गया है, जिन्हें केंद्रीय नेतृत्व के पास भी भेजा भी जा चुका है। पार्टी से जुड़े वरिष्ठ रणनीतिकारों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में हारी इन 14 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा सबसे पहले हो जाएगी।