Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Modi says Government committed to easing burden on farmers India millennia old heritage showcased in Delhi

पीएम मोदी बोले: किसानों का बोझ घटाने को प्रतिबद्ध सरकार, दिल्ली में सजेगी भारत की हजारों साल पुरानी विरासत

Wed, 11 Nov 2026 11:07 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, कोलकाता
पीटीआई, कोलकाता Published by: प्रशांत तिवारी Updated Wed, 11 Nov 2026 11:07 PM IST
सार

केंद्रीय कैबिनेट ने रबी सीजन 2026-27 के लिए उर्वरकों पर 62,370.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी है। इससे किसानों को डीएपी समेत 28 प्रकार के उर्वरक किफायती दरों पर मिलेंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का असर उन पर नहीं पड़ेगा।

विज्ञापन
PM Modi says Government committed to easing burden on farmers India millennia old heritage showcased in Delhi
पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटासिक (पीएंडके) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) को मंजूरी दे दी है। इसके लिए करीब 62,370.02 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस फैसले से किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से राहत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य डीएपी समेत 28 तरह के उर्वरक किसानों को किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। नई सब्सिडी दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी।

विज्ञापन


विज्ञापन


पीएम मोदी बोले- किसानों का जीवन आसान बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश के किसान हमेशा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे हैं। दुनिया भर में मुश्किल हालात होने के बावजूद सरकार किसानों का जीवन आसान बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसी दिशा में रबी सीजन 2026-27 के लिए उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी को मंजूरी दी गई है। इससे किसानों को अंतरराष्ट्रीय कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलेगी और उन्हें उचित दाम पर खाद मिलती रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


रबी सीजन के लिए 62,370 करोड़ रुपये का बजट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रबी सीजन 2026-27 (1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के लिए फॉस्फेटिक और पोटासिक (पीएंडके) उर्वरकों पर एनबीएस की दरों को मंजूरी दी गई। इसके लिए करीब 62,370.02 करोड़ रुपये की बजटीय जरूरत का अनुमान लगाया गया है। यह राशि पिछले रबी सीजन 2025-26 के 37,952.29 करोड़ रुपये के बजट से करीब 24,417.73 करोड़ रुपये अधिक है।

डीएपी और एनपीकेएस खाद भी मिलेगी सब्सिडी पर
सरकार के इस फैसले से किसानों को डीएपी और एनपीकेएस ग्रेड सहित फॉस्फेटिक और पोटासिक उर्वरक किफायती कीमतों पर उपलब्ध हो सकेंगे। इन उर्वरकों पर सब्सिडी रबी सीजन 2026-27 के लिए मंजूर दरों के आधार पर दी जाएगी। इसका उद्देश्य खेती के लिए जरूरी पोषक तत्वों की उपलब्धता बनाए रखना और किसानों पर खाद की बढ़ती कीमतों का बोझ कम करना है।

28 तरह के उर्वरक सब्सिडी वाली दरों पर उपलब्ध
सरकार उर्वरक निर्माताओं और आयातकों के माध्यम से किसानों को डीएपी समेत पीएंडके उर्वरकों के 28 ग्रेड सब्सिडी वाली दरों पर उपलब्ध करा रही है। इन उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी योजना 1 अप्रैल 2010 से लागू है। इसके तहत उर्वरकों में मौजूद पोषक तत्वों के आधार पर सब्सिडी तय की जाती है। सरकार का कहना है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित कीमतों पर खाद उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

अंतरराष्ट्रीय कीमतों को ध्यान में रखकर तय हुई सब्सिडी
सरकार ने यूरिया, डीएपी, एमओपी और अन्य उर्वरकों के साथ-साथ उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हाल के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए सब्सिडी दरों को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य उर्वरकों की कीमतों को किसानों की पहुंच में बनाए रखना और सब्सिडी व्यवस्था को तर्कसंगत बनाना है।

1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी नई दरें
रबी सीजन 2026-27 के लिए मंजूर एनबीएस दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी। उर्वरक कंपनियों को सरकार की ओर से अधिसूचित दरों के अनुसार सब्सिडी दी जाएगी। इसके जरिए किसानों को डीएपी समेत दूसरे पीएंडके उर्वरक किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।



'नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि नई दिल्ली में बनने वाला ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय परिसर होगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की इमारतों को भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाने वाले भव्य संग्रहालय में बदलने की योजना को गति मिलेगी। इस संग्रहालय में प्राचीन ज्ञान परंपराओं, गणित, खगोल विज्ञान, वास्तुकला, कला, भाषाओं और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय दीर्घाओं के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि कभी देश के शासन के प्रमुख केंद्र रहे ये भवन अब ऐसी जगह बनेंगे, जहां लाखों लोग भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को जान सकेंगे, अनुभव कर सकेंगे और उसका उत्सव मना सकेंगे। उन्होंने इसे देश की सांस्कृतिक विरासत के इतिहास में एक नया अध्याय बताया।



मुद्रा योजना को लेकर पीएम मोदी का बड़ा एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि क्रेडिट गारंटी फंड फॉर माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) को जारी रखने की कैबिनेट की मंजूरी देश के महत्वाकांक्षी उद्यमियों, खासकर युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये के कॉर्पस के जरिए 12.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के मुद्रा ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपये तक के बिना गारंटी वाले ऋणों पर क्रेडिट गारंटी सहायता दी जाएगी। साथ ही, गारंटी शुल्क में कमी की जाएगी, जिससे बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सूक्ष्म उद्यमों को ऋण देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को अपने विचारों को उद्यम में बदलने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और रोजगार देने वाला बनने के लिए सशक्त बनाना है।



नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिलेगी मेट्रो की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के तेजी से हो रहे विकास के बीच लोगों को लंबी यात्रा की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर साझा करते हुए बताया कि केंद्रीय कैबिनेट ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इससे लोगों को कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन का समय भी बचेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो विस्तार से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed