केंद्रीय संचार राज्य मंत्री संजय धोत्रे ने कहा -फोन टेपिंग पर मंत्री ने कहा विश्वास रखने की जरूरत है
केंद्रीय संचार राज्य मंत्री संजय धोत्रे ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज किया कि मोबाइल कंपनियां फोन टेपिंग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में विश्वास रखने की जरूरत है। राज्यमंत्री ने स्वीकार किया कॉल ड्रॉप की शिकायतें पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई हैं लेकिन कॉल ड्रॉप के मामलों में कमी आई है।उन्होंने कहा कि तीन सालों इस समस्या से निपटने के तमाम उपाय किए जा रहे हैं।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कॉल ड्रॉप और नेटवर्क जाम की समस्या का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कंपनियों पर जुर्माना लगाने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जबकि कंपनियों में अधिक से अधिक ग्राहक जोडने की होड़ मची है।
जिस समय संजय राउत बोल रहे हैं चेयर पर उपसभापति के तौर पर कहकशां परवीन बैठी थीं जिन्होंने सीधे सवाल पूछने को कहा। इस पर राउत बोले मैं तो टेढ़ा सवाल पूछ ही नहीं उनके इस तरह कहने पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हस्तक्षेप किया और महिला उपसभापति के साथ तेज स्वर में बोलने का आरोप लगाया।
राउत बोले मैं तो मंत्री जी से पूछ रहा हूं कि मेरा और सदन का मार्गदर्शन करें कि 5-6 कंपनियों में गुणवत्ता परक कॉल और इंटरनेट सुविधा के लिए किस कंपनी का सिम लें।
राज्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कॉल ड्रॉप की दिक्कत है जिसके लिए टॉवर लगाए जा रहे हैं। सेल ऑन व्हील की मदद से भी सुविधाएं बेहतर बनाई जा रही हैं। कॉल ड्रॉप को लेकर कंपनियों से चार करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया है।
सपा के प्रो.रामगोपाल यादव ने कहा कि लोग 4जी की ओर बढ़ रहे हैं जबकि बीएसएनएल और एमटीएनएल के पास ये सुविधा नहीं है। जबकि सबसे अधिक 60 करोड़ उपभोक्ता 4जी की तकनीक अपनाए हैं। राज्यों में तो कहीं कहीं 3जी भी नहीं मिलता है।
राज्यमंत्री ने बताया कि बीएसएनएल और एमटीएनएल को चलने के लिए ही रिवाइवल पैकेज दिया गया है। पहली अप्रैल के बाद इन कंपनियों की भी 4जी सुविधा देने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्त की योजना से इन दोनों कंपनियों का वित्तीय भार घटा है।
कांग्रेस सांसद पीएल.पुनिया के सवाल पर मंत्री ने कहा कि बीएसएनएल में करीब 50 प्रतिशत और एमटीएनएल में 25 प्रतिशत कर्मचारी कम हुए हैं। बावजूद जरूरी सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए आउटसोर्सिंग भी कर रहे हैं।
अच्छा काम करने वालों की वापसी पर विचार: रवि शंकर
केंद्रीय संचार मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने राज्यसभा में प्रश्रकाल के दौरान भाजपा सांसद राकेश सिन्हा के पूछे अनुपूरक प्रश्र के उत्तर में कहा कि सरकार बीएसएनएल और एमटीएनएल को दूसरी कंपनियों के मुकाबले के लिए प्रतिस्पर्धी बनाना चाहती है।
ऐसे में सदस्य का सुझाव अच्छा है कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वालों में कोई उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी या अधिकारी हैं उन्हें दुबारा ले लिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर संभव हुआ तो ऐसा जरूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक इन दोनों पीएसयू में 74 प्रतिशत राशि सेलरी में दी जा रही थी।