PM Modi: '100 दिनों में देश की प्रगति के हर क्षेत्र-कारक पर ध्यान देने की कोशिश की', गुजरात में बोले पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि हमारा तीसरा कार्यकाल निश्चित रूप से दलितों, उत्पीड़ित और वंचित वर्ग को सम्मानित जीवन की गारंटी देगा। 140 करोड़ भारतीय भारत को शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में ले जाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
विस्तार
गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौथे वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन और एक्सपो (री-इनवेस्ट) का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के 100 दिन के काम की उपलब्धियां गिनाईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 100 दिन में केंद्र सरकार ने हर क्षेत्र कारक पर ध्यान देने की कोशिश की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत विविधता, पैमाने, क्षमता और प्रदर्शन के मामले में अद्वितीय है। दुनिया को लगता है कि यह देश 21वीं सदी के लिए सबसे उपयुक्त देश है। जब 21वीं सदी का इतिहास लिखा जाएगा, तो भारत की सौर क्रांति का अध्याय सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत अगले 1000 वर्षों के लिए विकास का आधार तैयार कर रहा है। हमारा फोकस सिर्फ शीर्ष पर पहुंचना नहीं है बल्कि शीर्ष बने रहना है। पहले 100 दिनों में आप हमारी प्राथमिकताओं, गति और पैमाने को देख सकते हैं। भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं को जानता है और चूंकि देश के पास अपने स्वयं के तेल और गैस संसाधन नहीं हैं और यह ऊर्जा स्वतंत्र नहीं है, इसलिए हमने सौर, पवन, परमाणु और जल विद्युत के बल पर अपना भविष्य बनाने का निर्णय लिया है।
पीएम ने कहा कि हमारे लिए हरित भविष्य और नेट जीरो सिर्फ काल्पनिक शब्द नहीं हैं। ये देश की आवश्यकता है और हम इसे हासिल करना चाहते हैं। सरकार अयोध्या और 16 अन्य शहरों को मॉडल सौर शहरों के रूप में विकसित करने के लिए काम कर रही है। मोदी ने कहा कि सरकार ने हरित ऊर्जा क्षेत्र में कई बड़े फैसले लिए हैं।
अपनी सरकार के काम के बारे में पीएम ने कहा कि हमने गरीबों के लिए सात करोड़ घर बनाने का निर्णय लिया था। जिनमें से चार करोड़ उनके दूसरे कार्यकाल में ही पूरे हो गए। तीसरे कार्यकाल में अन्य तीन करोड़ घर बनाए जाएंगे। जबकि 12 औद्योगिक शहरों, आठ हाई स्पीड रोड कॉरिडोर परियोजनाओं के निर्माण के साथ-साथ 15 से अधिक मेड-इन-इंडिया सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ किया गया।
PM Shri @narendramodi at inauguration of 4th Global Re-Invest Renewable Energy Investors Meet in Gandhinagar. https://t.co/JP1ss4EAfy
— BJP (@BJP4India) September 16, 2024
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा तीसरा कार्यकाल निश्चित रूप से दलितों, उत्पीड़ित और वंचित वर्ग को सम्मानित जीवन की गारंटी देगा। 140 करोड़ भारतीय भारत को शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में ले जाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। तीसरे कार्यकाल के 100 दिन में हमने प्राथमिकता के आधार पर काम किया है। हमने हर उस सेक्टर पर ध्यान दिया, जो भारत के तेज विकास के लिए जरूरी है।
पीएम ने कहा कि सरकार का तीसरा कार्यकाल लोगों की भारी आकांक्षाओं और युवाओं, महिलाओं और गरीबों सहित 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे के कारण था। भारत समय सीमा से नौ साल पहले पेरिस में की गई जलवायु प्रतिबद्धताओं को पूरा करने वाला पहला जी 20 देश है। जी 20 देशों के बीच हम इसे हासिल करने वाले एकमात्र देश हैं। हमने वह किया जो विकसित देश नहीं कर सके।
पीएम ने कहा कि हम हरित परिवर्तन को जन आंदोलन में बदल रहे हैं। हमारी पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना इस दिशा में एक बड़ी पहल है। इस योजना के जरिये भारत का हर घर बिजली उत्पादक बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में नवीकरणीय ऊर्जा की मांग बढ़ रही है और केंद्र सरकार इस मांग को पूरा करने के लिए नई नीतियां बना रही है और साथ ही हर संभव सहायता भी प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि 60 साल बाद भारत की जनता ने पहली बार किसी सरकार को तीसरा कार्यकाल दिया है। हमारी सरकार को तीसरा कार्यकाल मिलने के पीछे भारत की बहुत बड़ी आकांक्षाएं हैं।140 करोड़ भारतीयों को भरोसा है, भारत के युवाओं को भरोसा है, भारत की महिलाओं को भरोसा है कि पिछले 10 साल में जिन आकांक्षाओं को पंख लगे, वो तीसरे कार्यकाल में नई उड़ान भरेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.