Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Train from Ayodhya to Nepal 604Km Journey in 19 Hours Which Documents Must Passengers Carry Before Boarding

अयोध्या से नेपाल तक सीधी ट्रेन: 604 किमी का सफर 19 घंटे में, गाड़ी में चढ़ने से पहले दिखाने होंगे ये दस्तावेज

Sun, 22 Nov 2026 06:22 PM IST
Rahul Sampal राहुल संपाल
Updated Sun, 22 Nov 2026 06:22 PM IST
सार

15 वर्ष से कम और 65 वर्ष से अधिक उम्र के भारतीय नागरिक आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं। अन्य वयस्क यात्रियों को मूल पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड रखना होगा।भारत और नेपाल के अलावा दूसरे देशों के नागरिक भी इस ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। 

विज्ञापन
Train from Ayodhya to Nepal 604Km Journey in 19 Hours Which Documents Must Passengers Carry Before Boarding
रामलला की नगरी से माता सीता की जन्मस्थली तक सीधी ट्रेन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होने जा रहा है। भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम अब सीधी ट्रेन सेवा से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 23 नवंबर को इस सेवा का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल और सीतामढ़ी समेत कई प्रमुख स्टेशन पड़ेंगे। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी। नई ट्रेन का नाम जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया है। इसका संचालन ट्रेन संख्या 15595 और 15596 के तहत होगा। 23 नवंबर को अयोध्या से उद्घाटन यात्रा प्रस्तावित है, जबकि आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। यानी उद्घाटन के पांच दिन बाद यात्री इस ट्रेन से नियमित सफर कर सकेंगे।
विज्ञापन


यूपी-बिहार के इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का रूट उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ेगा। रास्ते में कुल 10 प्रमुख भारतीय स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव निर्धारित किया गया है। इनमें जयनगर, मधुबनी, शीशो(दरभंगा), सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम है। जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट इसके टर्मिनल स्टेशन होंगे। इस ट्रेन के अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम इसके शुरुआती और अंतिम स्टेशन होंगे। जयनगर इस मार्ग का अंतिम भारतीय स्टेशन होगा। यहां से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।
विज्ञापन


एलएचबी कोच से चलेगी ट्रेन
इस सेवा में आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन में वातानुकूलित और स्लीपर श्रेणी की सुविधा होगी। नेपाल में जयनगर से जनकपुर धाम तक का रेलखंड अभी विद्युतीकृत नहीं है। इसलिए इस मार्ग पर ट्रेन का संचालन डीजल इंजन से किया जाएगा। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी है। ट्रेन इस सफर को लगभग 19 घंटे में पूरा करेगी। जयनगर स्टेशन पर भारत-नेपाल सीमा पार करने वाले यात्रियों के पहचान पत्रों और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। इसके बाद ही यात्री नेपाल की ओर आगे बढ़ सकेंगे। इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित और स्लीपर श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। इसमें आरएसी और प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) टिकट की सुविधा भी नहीं मिलेगी। यात्रियों को सफर के लिए कन्फर्म टिकट लेना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर धाम दोनों ही रामायण परंपरा से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। दोनों शहरों के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को भी इसका लाभ मिल सकता है। यह सेवा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

यात्रियों को रखना होंगे ये दस्तावेज
नेपाल में जयनगर से जनकपुर धाम के बीच रेलखंड का विद्युतीकरण नहीं होने के कारण ट्रेन का संचालन डीजल इंजन से किया जाएगा। दोनों देशों के नागरिकों को एक-दूसरे के देश में जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है। हालांकि, सीमा पार करते समय निर्धारित पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। 15 वर्ष से कम और 65 वर्ष से अधिक उम्र के भारतीय नागरिक आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं। अन्य वयस्क यात्रियों को मूल पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड रखना होगा। भारत और नेपाल के अलावा दूसरे देशों के नागरिक भी इस ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए उनके पास दोनों देशों का वैध वीजा और पासपोर्ट होना जरूरी है। विदेशी यात्रियों को यात्रा से पहले सीमा पर आव्रजन जांच की प्रक्रिया की जानकारी संबंधित अधिकारियों से लेनी चाहिए।

कब से बुक होंगे टिकट?
ट्रेन का नंबर, समय-सारणी और किराया सूची जारी होने के बाद टिकट बुकिंग शुरू होगी। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और रेलवे आरक्षण काउंटरों से टिकट ले सकेंगे। नेपाल में नेपाली रुपये के साथ 100 रुपये तक के भारतीय नोट भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। 100 रुपये से अधिक मूल्य के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध है। ऐसे में यात्रियों को छोटे मूल्य के भारतीय नोट या नेपाली रुपये साथ रखने चाहिए। वहीं, साप्ताहिक ट्रेन के दिन के अलावा यात्रा करने वाले यात्री भारतीय रेलवे से बिहार के जयनगर स्टेशन तक पहुंच सकते हैं। यहां से जनकपुर धाम के लिए नेपाल रेलवे की दैनिक डीईएमयू सेवा उपलब्ध है।


ट्रेन का यह होगा शेड्यूल

ट्रेन संख्या 15595: जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट का रूट और समय-सारणी
यह ट्रेन हर शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी। रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव इस प्रकार रहेगा।
  • जनकपुर धाम: शनिवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी।
  • जयनगर: दोपहर 2:25 बजे पहुंचेगी और एक घंटे बाद 3:25 बजे रवाना होगी।
  • सीतामढ़ी: शाम 7:00 बजे पहुंचेगी। यहां पांच मिनट का ठहराव होगा।
  • नरकटियागंज: रात 10:50 बजे पहुंचेगी और 11:20 बजे रवाना होगी।
  • पनियहवा: रात 2:00 बजे गुजरेगी।
  • गोरखपुर: रविवार सुबह 3:55 बजे पहुंचेगी और 4:05 बजे रवाना होगी।
  • अयोध्या कैंट: रविवार सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 15596: अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम का रूट और समय-सारणी
वापसी में यह ट्रेन हर सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। रास्ते में प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव इस प्रकार रहेगा।
  • अयोध्या कैंट: सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी।
  • गोरखपुर: रात 10:13 बजे पहुंचेगी और 10:23 बजे रवाना होगी।
  • पनियहवा: रात 12:40 बजे गुजरेगी।
  • नरकटियागंज: मंगलवार रात 1:50 बजे पहुंचेगी और 2:20 बजे रवाना होगी।
  • सीतामढ़ी: सुबह 4:42 बजे पहुंचेगी। यहां पांच मिनट का ठहराव होगा।
  • जयनगर: सुबह 8:45 बजे पहुंचेगी और 10:45 बजे रवाना होगी।
  • जनकपुर धाम: मंगलवार दोपहर 12:40 बजे पहुंचेगी।

नेपाल का मानक समय भारतीय समय से 15 मिनट आगे है। इसलिए जयनगर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने और रवाना होने का समय संबंधित देश के स्थानीय समय के अनुसार दर्ज किया गया है। अन्य स्टेशनों के समय भारतीय मानक समय के अनुसार दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed