Top News: अमेरिका में राहुल के आक्रामक तेवर, सस्ती होंगी कैंसर की दवाएं; हरियाणा-J&K में चुनावी सरगर्मियां तेज
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने अमेरिका दौरे पर लगातार अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वर्जीनिया में आयोजित एक कार्यक्रम में एक बार फिर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस कुछ राज्यों को दूसरे राज्यों, भाषाओं, धर्मों, और समुदायों को दूसरे की तुलना में कमतर बताती है। इधर, जीएसटी परिषद की 54वीं बैठक के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कैंसर की दवाओं व नमकीन पर जीएसटी दर घटाने का एलान किया। वित्त मंत्री सीतारमण ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद ने बैठक के दौरान कई फैसले लिए। वित्त मंत्री ने बताया कि सरकारी संबद्ध शैक्षणिक संस्थानों को जीएसटी से छूट देने का भी फैसला किया गया है। इसके अलावा हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 19 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन की बात बनते-बनते रह गई। सीटों की संख्या पर पेच आखिर तक हल नहीं हुआ और गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत पर विराम पर लगाते हुए आप ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
वर्जीनिया में राहुल गांधी BJP-RSS पर बरसे, पीएम को भी घेरा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने अमेरिका दौरे पर लगातार अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वर्जीनिया में आयोजित एक कार्यक्रम में एक बार फिर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस कुछ राज्यों को दूसरे राज्यों, भाषाओं, धर्मों, और समुदायों को दूसरे की तुलना में कमतर बताती है। बकौल राहुल गांधी, 'हर राज्य का अपना इतिहास और परंपरा है, लेकिन आरएसएस की विचारधारा तमिल, मराठी, बंगाली, मणिपुरी आदि को कमतर भाषाएं मानती है... इसी बात को लेकर लड़ाई है...ये लोग (आरएसएस) भारत को नहीं समझते।' पढ़ें पूरी खबर...
GST: जीएसटी परिषद ने कैंसर की दवाओं व नमकीन पर कर घटाया
जीएसटी परिषद की 54वीं बैठक के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कैंसर की दवाओं व नमकीन पर जीएसटी दर घटाने का एलान किया। वित्त मंत्री सीतारमण ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि परिषद ने बैठक के दौरान कई फैसले लिए। वित्त मंत्री ने बताया कि सरकारी संबद्ध शैक्षणिक संस्थानों को जीएसटी से छूट देने का भी फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कैंसर की दवाओं पर भी जीएसटी घटाया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि नमकीन पर जीएसटी दर भी संभावित रूप से कम की गई। वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि वाणिज्यिक संपत्तियों को किराए पर देने को रिवर्स चार्ज मैकेनिज्म के तहत लाया गया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
J&K: दो मुख्यमंत्री देने वाली सीट बिजबिहाड़ा, यहां खानदानों में मुकाबला
कश्मीर को दो सीएम देने वाली सीट। सेब-अखरोट का गढ़...और चिनार के सबसे ऊंचे, सबसे बूढ़े और सबसे ज्यादा दरख्तों के कारण चिनार टाउन कहलानेवाला बिजबिहेड़ा। इन चुनावों की सबसे मशहूर और मुश्किल सीट। वैसे तो यह मुफ्ती परिवार का गृहनगर है। 1996 से इस सीट पर पीडीपी का कब्जा है। पर यहां मुकाबला परिवार बनाम परिवार है। एक ओर मुफ्ती मोहम्मद सईद की नातिन इल्तिजा मुफ्ती उम्मीदवार हैं, तो दूसरी ओर मुफ्ती मोहम्मद सईद को हरा चुके अब्दुल गनी के बेटे बशीर नेशनल कॉन्फ्रेंस से। दोनों में कांटे का मुकाबला है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। खास बात यह है कि अब्दुल रहमान वीरी चार बार पीडीपी से जीते, मगर इल्तिजा के लिए उन्हें उन्हें दूसरी सीट पर भेज दिया गया। पढ़ें पूरी खबर...
हरियाणा में कांग्रेस-आप गठबंधन पर नहीं बनी बात
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के गठबंधन की बात बनते-बनते रह गई। सीटों की संख्या पर पेच आखिर तक हल नहीं हुआ और गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत पर विराम पर लगाते हुए आप ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें 11 सीटों पर कांग्रेस पहले से ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। आप की सूची जारी होने के बाद कांग्रेस की ओर से गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, आप नेताओं ने दावा किया है कि वह जल्द ही प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी कर देंगे। पढ़ें पूरी खबर...
RG Kar Case: जूनियर डॉक्टर काम ठप रखने पर अड़े, अदालत से सख्ती के संकेत
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जूनियर डॉक्टरों से काम पर वापस लौटने की बात कही। अदालत ने जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के कारण बुरी तरह चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए कहा कि 31 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) की जांच हो रही है। इसके मद्देनजर वारदात से आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों को काम पर लौटना चाहिए। हालांकि, सोमवार देर शाम डॉक्टरों ने काम पर लौटने से साफ इनकार कर दिया। पढ़ें पूरी खबर...
69 हजार शिक्षक भर्ती : दोनों पक्षों को सुप्रीम कोर्ट से न्याय की उम्मीद
69000 शिक्षक भर्ती में सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई और 23 सितंबर को होने वाली सुनवाई से आरक्षित व अनारक्षित दोनों वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय की उम्मीद है। हालांकि, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट का अंतिम निर्णय आने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। वे मंगलवार से फिर आंदोलन की शुरुआत करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
Jammu Kashmir Election: कांग्रेस ने जारी की 19 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 19 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने रामगढ़ विधानसभा सीट से यशपाल कुंदल, बिश्नाह से नीरज कुंदन, रामनगर (एससी) सीट से मूल राज और मरह से मुला राम को टिकट दिया गया है। वहीं, पार्टी ने आरएस पुरा-जम्मू साउथ से रमन भल्ला, सोपोर सीट से हाजी अब्दुल राशिद डार बानी से काजल राजपूत, उधमपुर पश्चिम सीट से सुमित मंगोत्रा को चुनावी मैदान में उतारा है। पढ़ें पूरी खबर...
Apple Event: iPhone 16, iPhone 16 Plus हुए लॉन्च, भारत में शुरुआती कीमत 80 हजार से भी कम
Apple iPhone 16 Launch: iPhone 16 के कैमरे को एक नए बटन पर स्लाइड करके कंट्रोल किया जा सकेगा। फोन में एक नया कंट्रोल बटन मिलेगा जिसे टास्क के लिए कस्टमाइज भी किया जा सकेगा। iPhone 16 के साथ A18 बायोनिक चिपसेट दिया गया है। इसमें पहले के मुकाबले बेहतर न्यूरल इंजन दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
New Rules: कोचिंग सेंटर विज्ञापन में छात्रों की मुफ्त तस्वीर नहीं लगा सकेंगे
कोचिंग सेंटर अब अपने संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों की फोटो मुफ्त में इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय अब कोचिंग सेंटरों पर नकेल कसने की तैयारी कर रहा है। इसी सप्ताह ही मामले में नई गाइडलाइन जारी हो सकती है। अगर कोई कोचिंग सेंटर इन गाइडलाइन का पालन नहीं करेगा तो उसे अनुचित व्यापार की श्रेणी में माना जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर...
चिंताजनक: गांवों में 82 फीसदी फिजिशियन, 83% सर्जन और 80% बालरोग विशेषज्ञ ही नहीं
देश के ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी काफी तेजी से बढ़ रही है। स्थिति यह है कि यहां 82 फीसदी फिजिशियन, 83 फीसदी सर्जन और 80 फीसदी से ज्यादा बालरोग विशेषज्ञ के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। पांच हजार से ज्यादा इन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा लिखने वाले फिजिशियन डॉक्टर एक हजार से भी कम हैं, लेकिन यहां फार्मासिस्ट की संख्या सात हजार से भी ज्यादा है। पढ़ें पूरी खबर...
पटाखों की बिक्री पर पाबंदी से बिफरे भाजपाई, दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला
सर्दी के मौसम में वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका और आम लोगों को इससे होने वाली दिक्कतों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी प्रकार के पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और उनके इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंध एक जनवरी, 2025 तक लागू रहेगा। इस दौरान पटाखों की ऑनलाइन बिक्री व डिलीवरी पर भी प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि प्रतिबंध को कड़ाई से लागू कराने के लिए दिल्ली पुलिस, डीपीसीसी और राजस्व विभाग के साथ मिलकर संयुक्त कार्य योजना बनाई जाएगी। सरकार ने पिछले साल भी सर्दी के मौसम में वायु प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। पढ़ें पूरी खबर...