News Updates: 100 किलो गांजे के साथ तीन गिरफ्तार; गुजरात में छापेमारी, 17.5 लाख की नकली एंटीबायोटिक दवाएं जब्त
डीसीपी के नारायण रेड्डी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों तस्कर राज्य में नशे के सामान की सप्लाई करते हैं। तीनों के पास से 102 किलो गांजा बरामद किया गया है।
विस्तार
तेलंगाना में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल राज्य की शमशाबाद पुलिस ने 100 किलो गांजे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने इसके साथ तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। शमशाबाद के डीसीपी के नारायण रेड्डी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों तस्कर राज्य में नशे के सामान की सप्लाई करते हैं। तीनों के पास से 102 किलो गांजा बरामद किया गया है। साथ ही पुलिस ने एक गाड़ी और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दूसरी ओर, गुजरात के विभिन्न शहरों में छापेमारी के दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 17.5 लाख रुपये मूल्य की नकली एंटीबायोटिक दवाएं जब्त की गईं। इस दौरान इससे जुड़े चार लोगों को हिरासत में भी लिया गया। खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) ने बताया कि इनमें से कुछ लोग बेनामी कंपनियों के चिकित्सा प्रतिनिधियों (एमआर) के रूप में काम करते थे और चिकित्सकों को नकली दवाएं पहुंचाते थे।
जानकारी के मुताबिक, एफडीसीए के अधिकारियों ने नडियाद, सूरत, अहमदाबाद और राजकोट जैसे विभिन्न शहरों में छापेमारी कर नकली दवाएं जब्त कीं। गुजरात के एफडीसीए आयुक्त एचजी कोशिया ने बताया कि अहमदाबाद और अन्य शहरों से गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 17.5 लाख रुपये की नकली दवाइयां जब्त की गई हैं।
विज्ञप्ति में बताया गया कि एक गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं औषधि नियामक के अहमदाबाद कार्यालय ने शुक्रवार को अहमदाबाद में खीमाराम कुम्हार को 2,61,250 रुपये मूल्य की पोसमोक्स सीवी 625 एंटीबायोटिक गोलियों के 99 बक्सों के साथ पकड़ा।
पूछताछ करने पर कुम्हार ने बताया कि नकली दवाएं उसे कथित तौर पर अहमदाबाद के निवासी अरुण आमेरा ने पहुंचाई थी। आमेरा ने अधिकारियों को अन्य व्यक्ति के बारे में बताया जिसका नाम विपुल देगड़ा था। देगड़ा के पास से पांच तरह की नकली एंटीबायोटिक दवाइयां जब्त की गईं, जिनकी कीमत 4,83,300 रुपये थी। वहीं, डेगडा से अधिकारियों को दर्शन व्यास का पता चला।
एफडीसीए ने बताया कि देगड़ा के मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि उसने राज्य के विभिन्न शहरों में चिकित्सकों को बिना बिल के नकली एंटीबायोटिक दवाएं मुहैया कराई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने अहमदाबाद और अन्य शहरों में छापेमारी की और 10.50 लाख रुपये की नकली एंटीबायोटिक दवाइयां जब्त की।
मुंबई लोकल के डिब्बे अलग हुए
मिजोरम में 2.74 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई
मिजोरम के आइजोल और चम्फाई जिलों में तीन अभियानों में 2.74 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई है। असम राइफल्स के अधिकारियों ने कहा कि असम राइफल्स, मिजोरम पुलिस और उत्पाद शुल्क और नारकोटिक्स विभाग के मादक द्रव्य विरोधी दस्ते ने 20 और 21 अक्तूबर को इन अभियानों में 394 ग्राम हेरोइन जब्त की। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर आइजोल के बावंगकॉन इलाके और चंफाई जिले के त्लांगसम और ज़ोटे गांवों से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
राजनाथ सिंह तवांग में सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में एक अग्रिम अड्डे पर सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे। रक्षा मंत्री तवांग में शस्त्र पूजा भी कर सकते हैं। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर सैनिकों के साथ दशहरा मनाने का राजनाथ सिंह का निर्णय पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ चल रही तनातनी के बीच आया है। सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्री अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में एलएसी पर जमीनी स्थिति की व्यापक समीक्षा भी करेंगे।
गुजरात हाईवे पर कार-वैन की टक्कर में तीन की मौत, आठ घायल
गुजरात के पाटन जिले में रविवार को राजमार्ग पर एक वैन और कार की टक्कर में तीन साल की एक लड़की और दो अन्य की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। सामी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि राधनपुर से आ रही एक तेज रफ्तार वैन शाम करीब चार बजे सामी शहर के पास राज्य राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक कार से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि तीन साल की बच्ची, 24 साल की महिला और उसके 26 साल के मंगेतर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैन में सवार आठ यात्री घायल हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए पाटन के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मृतक दम्पति कार में यात्रा कर रहे थे, जबकि बच्चा वैन में सवार था।