अचानक आसमान से आई मौत, 35 लोगों को बनाया अपना निवाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल में मंगलवार को बिजली कहर बन कर टूटी। तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से विभिन्न जिलों में मंगलवार को 24 लोगों की जान चली गई। इसमें बलिया में 8, गाजीपुर में 6, जौनपुर में 3, मऊ में 2, सोनभद्र में 2 के अलावा चंदौली, आजमगढ़ और वाराणसी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बता दें कि सोमवार को 9 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं गोरखपुर और बस्ती मंडल में मौसम के कहर के चलते ग्यारह लोगों की जान चली गई। इस तरह कुल 35 लोग आसमानी बिजली के कहर का शिकार हुए हैं।
बलिया जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर सोमाली परानपुर निवासी हरेराम यादव (40) की सोमवार की रात जवही दियर गांव में बिजली गिरने से मौत हो गई, वह उस वक्त अपनी ससुराल में था। सिकंदरपुर क्षेत्र के ग्रामसभा चक कलंदर निवासी प्रेम गोंड (08) पुत्र मोहन तथा पकड़ी क्षेत्र के रक्सा गांव निवासी छोटू राजभर (12) पुत्र संजू राजभर की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं सुखपुरा थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी अंशु यादव (14) पुत्री कमलदेव यादव मंगलवार की शाम छत से कपड़ा उतार रही थी कि बिजली गिर पड़ी और मौत हो गई।
इसी थाना क्षेत्र के खरहटार निवासी विनीत राजभर (15) पुत्र दुबारी राम की और इसी थाने के शुकुलपुरा गांव में बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में आश्रय लिए अखिलेश (26) की मौत बिजली गिरने से हो गई। वहीं भीमपुरा थाना क्षेत्र के रमापट्टी तासपुर निवासी विशाल यादव (15) पुत्र शिवदत्त यादव खेत में काम कर रहा था कि बीच बिजली गिर पड़ी और उसकी वहीं मौत हो गई। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी इंद्रकेश (20) अपने घर के अंदर कुछ काम कर रहा था तभी बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।
गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के हरबल्लमपुर गांव के संतोष यादव (35), दरौली निवासी गुलाब यादव (40) तथा महली निवासी बालकेश्वर यादव (35) मंगलवार को गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया पर मिट्टी ढुलाई करने गए थे और बारिश होने पर पास में खड़े ट्रक के नीचे बैठे थे तभी बिजली गिरी और तीनों की मौके पर मौत हो गई। इसी क्षेत्र के तियरी गांव में कुंदन बिंद (14) पुत्र सियाराम बिंद की बिजली गिरने से मौत हो गई।
उसके पास खड़ी लालमति (12) पुत्री मुंसू बिंद और विकराल (07) पुत्र झंगुरी प्रजापति झुलस गए। सभी खेत में धान का बीज डाल रहे सियाराम बिंद को खाना लेकर गए थे। जमानिया क्षेत्र के ही हमीदपुर गांव में सुनीता देवी (36) पत्नी सुरेश बिंद अपने दरवाजे पर खड़ी थी, तभी बिजली गिरी और उसकी वहीं मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी रेखा (16) गंभीर रूप से झुलस गई। दिलदारनगर के उसिया गांव में अपने डेरे पर मौजूद जुवेद खां (42) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
चंदौली जिले के शहाबगंज विकास खंड के बड़गांवा गांव निवासी रामनाथ पाल (25), आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के साल्हेपुर गांव के रणविजय सिंह (50), सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के सहगोडा गांव में बिजली की चपेट में आने से बसंती (14) पुत्री नंदलाल की मौत हो गई। वहीं दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सुंदरी गांव में मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बिजली की चपेट में आने से उपेंद्र (17) पुत्र रामफल की मौत हो गई।
मऊ जिले के घोसी कोतवाली के बड़रांव गांव में बिजली गिरने से ओमकार(22), हलधरपुर थाने के बेलौझा गांव निवासी इंदल राजभर, जौनपुर में मीरगंज के कमसिन गांव में अजित यादव (20), चंदवक के बोदरी गांव में निखिल (12), सिंगरामऊ के तारापुर गांव में महिला सीता देवी (45) और वाराणसी के बड़ा गांव में रविशंकर पटेल (20) की मौत बिजली गिरने हो गई।
आसमान से बरसी आफत, ग्यारह की गई जान
मंगलवार को गोरखपुर और बस्ती मंडल में मौसम की कहर के चलते नौ लोगों की जान चली गई। अलग अलग जगहों पर बिजली की चपेट में आने से इन लोगों की मौत हुई। बिजली की चेपट में आने से पिछले चौबिस घंटे में दोनों मंडलों में ग्यारह लोगों की जान चुकी है।
सिद्धार्थनगर के भरवलिया गांव में मदरसे पर बिजली गिरने से चचेरे भाई-बहन समेत तीन की मौत हो गई। मदरसे में पढ़ने गए गांव के महबुल्लाह का पुत्र सुहेल (8), सत्तार का पुत्र शहाबुद्दीन (11) व हमीद की पुत्री आफरीन (11) की मौके पर ही मौत हो गई। नेपाल के कपिलवस्तु में भी बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई।
बकौली निवासी गौस मोहम्मद (55) खेत में काम कर रहा था तभी बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। कुशीनगर के कोटवा बाजार में भी एक व्यक्ति की मौत हुई।महराजगंज में खेत में रोपाई के दौरान खाद डालते समय जहां एक युवक की मौत हो गई वहीं छत पर मौजूद एक महिला की बिजली की चपेट में आने से हुई।
नरायनपुर गांव निवासी के 30 वर्षीय रत्नेश खेत में खाद डलवा रहे थे कि बिजली की चपेट में आ गए। और काल के गाल में समा गए। वहीं खालिकगढ़ की 35 वर्षीय किरन देपहर में छत पर किसी काम से गई थी। तभी वह बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
बड़हलगंज में बिजली की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई। यहां भरौली गांव के निरहू प्रजापति की 14 वर्षीय पुत्री ज्योति की बिजली की चपेट में आने से मौत हुई। कुशीनगर में भी एक महिला की जान गई। सरेह गांव में खेत में काम कर रही 35 वर्षीय सुमन की मौत हो गई। देवरिया में सेवराजी मनी गांव में बिजली की चपेट में आने मां बेटे की मौत हो गई जबकि आठ वर्ष की बच्ची बुरी तरह झुलस गई।
इस घटना में 30 वर्षीय रीना और उनके 5 वर्ष के बेटे आदित्य की मौत हो गई। इसके पहले सोमवार को भी बिजली की चपेट में आने से बस्ती जिले में दो की मौत हुई है। गयाजीत पुर गांव में 12 साल की संध्या तथा सरदहा शुक्ल गांव में 19 साल की जरीना की बिजली की चपेट में आने से मौत हुई।
दोनों मंडलों में बिजली की चपेट में आने से जहां ग्यारह की मौत हुई वहीं 23 लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें करीब आठ की हालत गंभीर है जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।