Army: आज से शुरू हो रहा शीर्ष कमांडरों का सम्मेलन, सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा
भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सम्मेलन में सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, सात सेना कमांडर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी देश और आसपास के प्रमुख सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह आयोजन हाइब्रिड मोड में होने वाला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेना कमांडरों का सम्मेलन आज से शुरू हो रहा है। सेना के शीर्ष कमांडर इस पांच दिवसीय सम्मेलन में चीन और पाकिस्तान के साथ सीमाओं पर भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और बल की लड़ाकू क्षमता को बढ़ाने के तरीकों की व्यापक समीक्षा करेंगे।
सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की अध्यक्षता में होने वाले कमांडरों के सम्मेलन में चल रही सुधार प्रक्रिया समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। इससे पहले बताया गया था कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 18 अक्तूबर को सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सम्मेलन में सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, सात सेना कमांडर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी देश और आसपास के प्रमुख सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह आयोजन हाइब्रिड मोड में होने वाला है। सम्मेलन के पहले दिन सेना के वरिष्ठ अधिकारी बैठक करेंगे। सम्मेलन को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी संबोधित करेंगे।
सेना की ओर से शनिवार को जारी बयान के मुताबिक, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी भी उन लोगों में हैं जो सेना कमांडरों को संबोधित करेंगे। सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने’ विषय पर व्याख्यान देंगे। सेना ने कहा था, शीर्ष नेतृत्व भारतीय सेना की परिचालन तैयारियों की समीक्षा करने के अलावा वर्तमान व उभरते सुरक्षा परिदृश्यों पर विचार-मंथन करेगा। वे चल रही परिवर्तन प्रक्रिया की समीक्षा, प्रशिक्षण मामलों, मानव संसाधन प्रबंधन पहलुओं और सेवारत कर्मियों और दिग्गजों को प्रभावित करने वाले मुद्दों सहित महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा करेंगे।
सेना कमांडरों का सम्मेलन, अपने व्यापक दायरे के साथ, यह सुनिश्चित करता है कि भारतीय सेना प्रगतिशील, दूरदर्शी और भविष्य के लिए तैयार रहे। सम्मेलन के पले दिन विचार-विमर्श हाइब्रिड मोड में होगा जबकि सम्मेलन का बाकी हिस्सा भौतिक प्रारूप में आयोजित किया जाएगा।