फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Telangana: Congress workers will touch the feet of one lakh voters, read some major news

तेलंगाना: एक लाख मतदाताओं के पैर छुएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, पढ़ें देश दुनिया की कुछ प्रमुख खबरें

Tue, 23 Aug 2022 08:39 AM IST
योगेश साहू अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली/हैदराबाद।
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली/हैदराबाद। Published by: योगेश साहू Updated Tue, 23 Aug 2022 08:39 AM IST
विज्ञापन
Telangana: Congress workers will touch the feet of one lakh voters, read some major news
congress logo - फोटो : सोशल मीडिया

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद ए रेवानाथ रेड्डी ने कहा कि मुनूगोड़े विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता एक लाख मतदाताओं के पैर छूएंगे। कांग्रेस की ओर से यह फैसला वहां होने वाले उपचुनाव के पूर्व लिया गया है। दरअसल, हाल ही में वहां से कांग्रेस विधायक कोमातीरेड्डी राज गोपाल ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। कांग्रेस का कार्यक्रम 17 सितंबर से शुरू होगा। टीपीसीसी के अध्यक्ष ने कहा 17 सितंबर को ही तेलंगाना को राज्य का दर्जा हासिल हुआ था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और केसीआर रुपये का इस्तेमाल कर लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं। अब वे 1000 करोड़ खर्च कर मुनूगोडे़ उपचुनाव को भी जीतना चाहते हैं।

विज्ञापन


अब पुराने वाहनों में भी लगाइए सीएनजी और एलपीजी किट
पेट्रोल-डीजल से चलने वाले पुराने वाहनों में अब बीएस-6 उत्सर्जन मानदंडों के अनुरूप सीएनजी और एलपीजी किट लगा सकेंगे। अब तक, ऐसे संशोधनों की अनुमति सिर्फ बीएस-6 उत्सर्जन वाले वाहनों में ही थी। 3.5 टन से कम डीजल इंजनों को सीएनजी-एलपीजी इंजन से बदलने की अधिसूचना जारी की गई है।
विज्ञापन


मोसाद में पहली बार दो शीर्ष पद महिलाओं को
दुनिया में सबसे खतरनाक मानी जाने वाली इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद में पहली बार दो शीर्ष पद पर महिलाएं होंगी। अलफ अब निदेशक, इंटेलिजेंस होंगी। ईरान डेस्क की मुखिया कुफ को अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय का प्रमुख बनाया गया है। दोनों नाम सांकेतिक हैं। मोसाद के मुखिया डेविड बर्निया ने कहा, एजेंसी में अब चार महिलाएं प्रमुख पदों पर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


जापान : पहली महिला फोटो पत्रकार का निधन
जापान की पहली फोटो पत्रकार सुनेको सासामोतो (107) का निधन हो गया। प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान जन्म लेने वालीं सासामोतो ने 108वें जन्मदिन से एक सप्ताह पहले अंतिम सांस ली। 1940 से सक्रिय सासामोतो द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद के युग में कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की गवाह रहीं।

आपराधिक मामलों के खिलाफ साथ आएंगे भारत और इटली
भारत और इटली अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध व आतंकवाद सहित आपराधिक मामलों की जांच, अभियोजन और निवारण के लिए पारस्परिक कानूनी सहायता संधि पर हस्ताक्षर करने की तैयारी में हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों देशों के बीच दो दौर की वार्ता हो चुकी है। इसमें सहमति रिपोर्ट पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। सहमति होने से नई दिल्ली और रोम के बीच एमएलएटी को अंतिम रूप देने का रास्ता साफ हो गया। अधिकारियों के अनुसार, दूसरे दौर की वार्ता के दौरान बैठक भारत की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव सहेली घोष रॉय और इतालवी न्याय मंत्रालय में महानिदेशक स्टीफेनो ओपिलियो के नेतृत्व में हुई। भारत अभी तक यह समझौता 44 देशों के साथ कर चुका है।

अस्पतालों को डिजिटल करने  के लिए दिशा-निर्देश जारी
देश भर के अस्पतालों को डिजिटल करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्राधिकरण ने राज्यों से कहा है कि डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए अस्पताल, क्लीनिक व अन्य स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

एलआईसी और बजाज हाउसिंग ने महंगा किया कर्ज
बजाज और एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने उधारी की दरों में 0.50 फीसदी बढ़ोतरी की है। बजाज हाउसिंग की नई दर 7.70% होगी। एलआईसी हाउसिंग की नई दर 8% से शुरू होगी, जो पहले 7.50 फीसदी थी। ये दरें होम लोन, पर्सनल और रिटेल लोन के सभी मामलों में लागू होंगी। आरबीआई ने मई से रेपो दर में तीन बार में 1.40 फीसदी बढ़ोतरी की है। उसके बाद से बैंक और अन्य संस्थान कर्ज को महंगा कर रहे हैं।

राणा दंपती की जमानत रद्द करने की पुलिस की याचिका खारिज
मुंबई की एक विशेष अदालत ने हनुमान चालीसा विवाद मामले में राणा दंपती की जमानत रद्द करने की मांग करने वाली पुलिस की अर्जी सोमवार को खारिज कर दी। विशेष न्यायाधीश आरएन रोकड़े ने कहा कि शहर की पुलिस की अर्जी खारिज की जाती है। विस्तृत आदेश बाद में दिया जाएगा।

लावारिस नौका में मिले हथियार एके 56 थे और गोलियां 247
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में समुद्र तट पर मिली लावारिस नौका में जो हथियार मिले थे वो एके 47 नहीं बल्कि एके 56 थे। पुलिस ने बताया कि इनके साथ 247 गोलियां भी मिली हैं। पुलिस ने पहले तीन एके 47 मिलने की बात कही थी। लेडी हान नामक नौका 18 अगस्त को श्रीवर्धन तालुके में लावारिस मिली थी।

विश्व मुस्लिम लीग ने की रुश्दी पर हमले की निंदा
विश्व मुस्लिम लीग के महासचिव मुहम्मद बिन अब्दुल करीम अल-ईसा ने सोमवार को कहा कि सलमान रुश्दी पर किया गया हमला ऐसा अपराध है, जिसे इस्लाम कतई नामंजूर करता है। इटली के रिमनी में अल-ईसा ने कहा, इस्लाम हिंसा के खिलाफ है। आपत्तिजनक धार्मिक या बौद्धिक मुद्दे से भी हिंसक तरीके से नहीं निपटा जा सकता है। मुस्लिम धर्म में कई आयतें हिंसा के खिलाफ हैं।

बाहर से आने वाले इमामों का होगा सत्यापन : हिमंता
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा है कि राज्य में बाहर से आने वाले सभी इमामों (मौलवियों) का पुलिस सत्यापन होगा। मुख्यमंत्री की घोषणा उस वक्त की गई है, जब असम में लगातार बांग्लादेश के आतंकी संगठनों और अलकायदा से जुड़े आतंकियों की गिरफ्तारी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सरकारी पोर्टल बनाया जाएगा, जिस पर इमामों और मदरसा शिक्षकों को अपना पंजीकरण कराना होगा।

दो इमाम गिरफ्तार
असम के गोलपारा जिले में पुलिस ने दो इमामों को गिरफ्तार किया है। उन पर आतंकी संगठन एक्यूआईएस से संबंध रखने का आरोप है। इनकी पहचान मोरनोई थाने के तिनकोनिया शांतिपुर मस्जिद के इमाम अब्दुस सोबहन और मटिया थाने के तिलपारा मस्जिद के इमाम जलालुद्दीन के रूप में हुई है।

सैन्य बलों में कॅरिअर वृद्धि योजना सोचा समझा फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि सैन्य बलों में संशोधित सुनिश्चित कॅरिअर वृद्धि योजना (एमएसीपी) विशेषज्ञों की सिफारिश पर केंद्र द्वारा सोच समझकर लिया गया फैसला है। ऐसे में अदालतों को अपनी सोच के अनुसार इस नीति का विकल्प सामने रखने में परहेज करना चाहिए। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने कहा, अदालतों को विशेषज्ञों द्वारा लिए फैसले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। ऐसा तब करना चाहिए जब कानून का उल्लंघन हो, समानता के सांविधानिक सिद्धांत को खारिज कर रहा हो, मनमाना हो अथवा मौलिक अधिकारों का उल्लंघन कर रहा हो।

नेपाल का भारत को 111 मेगावाट अतिरिक्त बिजली बेचने का प्रस्ताव
नेपाल ने बिजली विनिमय बाजार के जरिये भारत को 111 मेगावाट अतिरिक्त बिजली बेचने का प्रस्ताव दिया है। नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के प्रबंध निदेशक प्रदीप थिके ने रविवार को कहा कि एनईए ने देश के चार जल विद्युत संयंत्रों के माध्यम से उत्पादित बिजली की बिक्री के लिए भारत के केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण को प्रस्ताव भेजा है। एनईए भारतीय केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से अनुमति मिलने के बाद भारत को अतिरिक्त बिजली का निर्यात करने में सक्षम होगा।

भारत और नीदरलैंड्स साझा करते हैं मजबूत राजनीतिक संबंध : बिरला
भारत और नीदरलैंड्स मजबूत राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को यह बात कनाडा के हैलिफैक्स में हो रहे 65वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में कही। वह यहां भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड्स पहुंचे हैं। इस अवसर पर बिरला ने नीदरलैंड्स के सीनेट के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जान एंथोनी ब्रुजन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने संसदीय सहयोग बढ़ाने और भारत व नीदरलैंड्स के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों के विस्तार और पारस्परिक हित के कई अन्य मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय अमृत महोत्सव समारोह में दो विश्व रिकॉर्ड
अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क में आजादी के अमृत महोत्सव समारोह के तहत दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए गए। पहला रिकॉर्ड एक साथ सर्वाधिक संख्या में विभिन्न झंडे फहराने का और दूसरा सबसे बड़ा संगीत वाद्ययंत्र डमरू बजाने से संबंधित है। यह समारोह फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन (एफआईए) के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

एफआईए अध्यक्ष केनी देसाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण और प्रयासों को सलाम किया। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईए ने रिकॉर्ड का प्रयास करके और अपनी मातृभूमि को अपनी मातृभूमि में चमकाकर अपना काम करने की कोशिश की। एफआईए के अध्यक्ष अंकुर वैद्य ने कहा कि ये रिकॉर्ड वैश्विक समुदाय को समर्पित हैं और समुदाय को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया जिसके बिना यह उपलब्धि संभव नहीं होती। सचिव प्रवीण बंसल ने कहा, यह महोत्सव जन-भागीदारी की भावना से पूरे देश में मनाया जाएगा।

विवादित दौरा कर श्रीलंका से लौटा चीन का सेटेलाइट ट्रैकिंग जहाज
श्रीलंका का छह दिन का विवादित दौरा करने के बाद चीन का सेटेलाइट और बेलिस्टिक मिसाइल टैकिंग जहाज युआन वांग-5 सोमवार को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हंबनटोटा बंदरगाह से रवाना हो गया। इस जहाज को 11 अगस्त को श्रीलंका पहुंचना था, लेकिन भारत सरकार के सुरक्षा संबंधी चिंता जताने के बाद श्रीलंका ने इजाजत नहीं दी थी। बाद में इसे 16 से 22 अगस्त तक दौरे की अनुमति दे दी गई। चीनी जहाज 16 अगस्त की सुबह हंबनटोटा पहुंचा था। बंदरगाह प्रमुख निर्मल सिल्वा ने बताया कि जहाज शाम करीब चार बजे यहां से रवाना हुआ। यहां से यह चीन के जियांग यिन बंदरगाह जाएगा। बंदरगाह ने जहाज से कार्मिकों का रोटेशन नहीं हुआ, लेकिन जो जरूरी मदद चीनी दूतावास ने मांगी, उपलब्ध कराई गई।

डीएचएफएल घोटाला : कारोबारी को जमानत नहीं, अदालत को आशंका जमानत दी तो साक्ष्यों से करेगा छेड़छाड़
नई दिल्ली। विशेष सीबीआई अदालत ने 34,615 करोड़ के डीएचएफएल घोटाले में बिजनेसमैन आरोपी अजय रमेश नावंदर को जमानत देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने आशंका जताई कि आरोपी जमानत मिलते ही गवाहों को प्रभावित कर सकता है। सीबीआई के वकील ने जमानत का विरोध किया था। विशेष जज विशाल गोगने ने कहा कि यह आरोपी हजारों करोड़ के इस घोटाले में महंगी चीजों व फंड को संभालने और यहां-वहां पहुंचाने में प्रथम दृष्टया शामिल नजर आता है। इससे पहले सीबीआई ने अजय के ठिकानों से 33 करोड़ की घडि़यां व दो पेंटिंग बरामद की थीं।

जयपुर के रिसॉर्ट में छापे, 84 लोग गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस ने जयपुर के जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में स्थित एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। यहां पुलिस ने अवैध कैसीनो, डांस बार और जुआ घर के संचालन के सिलसिले में 13 महिलाओं सहित 84 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कर्नाटक पुलिस का एक निरीक्षक और बंगलूरू में तैनात तहसीलदार भी शामिल हैं। जयपुर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल लांबा ने बताया कि रिसॉर्ट से नौ हुक्का, शराब की 44 बोतलें, बीयर की 66 बोतलें, 14 लग्जरी कार, एक ट्रक और 23.78 लाख रुपये नकदी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र आदि सहित विभिन्न राज्यों से हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed