लव जिहाद: पति के साथ रहना चाहती है हादिया, SC ने पढ़ाई के लिए भेजा सलेम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चर्चित लव जिहाद मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब अखिला उर्फ हादिया ने सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को बयान दिया कि उसे आजादी चाहिए और वह पति के साथ रहना चाहती है। हालांकि शीर्ष अदालत ने हादिया को होम्योपैथ की पढ़ाई पूरी के लिए सलेम (तमिलनाडु) भेजने का आदेश दिया है।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने केरल पुलिस को हादिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश देते हुए कहा कि उसे जल्द सलेम पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। होम्योपैथिक कॉलेज के डीन को हादिया का अभिभावक नियुक्त करते हुए पीठ ने उसकी किसी भी समस्या को सुलझाने की छूट दी है।
पढ़ें- केरल HC पहुंची पीड़िता बोली- जबरन इस्लाम करवाया कबूल, ISIS को बेचना चाहता था पति
पीठ ने कॉलेज और विश्वविद्यालय को भी निर्देश दिया है कि हादिया का फिर से दाखिला कराया जाए और उसे हॉस्टल सुविधा दी जाए। इस दौरान उसकी सुरक्षा का जिम्मा तमिलनाडु सरकार उठाएगी और एक महिला सुरक्षाकर्मी भी हर वक्त उसके साथ रहेगी। पीठ में जस्टिस एएम खानविल्कर और जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ भी हैं। हादिया पिछले कुछ सप्ताह से अपने माता-पिता के साथ रह रही थी।
जनवरी में फैसला देगी शीर्ष अदालत
दो घंटे चली सुनवाइ में हादिया ने कहा कि वह अपने पति शफीन जहां के साथ रहना चाहती है। केरल हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली इस याचिका पर शीर्ष अदालत में अगली सुनवाई जनवरी के तीसरे हफ्ते में होगी। केरल हाईकोर्ट ने हादिया की शादी को लव जिहाद करार देते हुए इसे निरस्त कर दिया था जिसे उसने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
पढ़ें- भारतीय महिला के लिए नरक बन गया पाकिस्तान, कैदी की तरह हो गई थी जिंदगी
पति के खर्चे पर पढ़ाई करने की इच्छा जताई
हादिया ने पति के खर्चे पर पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई। मुख्य न्यायाधीश ने जब हादिया से पूछा कि क्या आप सरकारी खर्चे पर पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं तो हादिया ने कहा कि मेरे पति मेरा ख्याल रख सकते हैं।
मामले में आया नया मोड़
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण है महिला की राय क्योंकि वह वयस्क है और अपनी मर्जी से किसी से भी शादी कर सकती है। इसके मद्देनजर अदालत ने उसे 27 नवंबर को पेश करने का आदेश दिया ताकि उसकी मानसिक अवस्था का अंदाजा लगाया जा सके।
एक और पिता ने डाली याचिका
हादिया मामले की सुनवाई चल ही रही थी कि अक्तूबर में केरल के एक और पिता ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल करते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी को अफगानिस्तान में आईएस को सौंपने के लिए जबरिया धर्म परिवर्तन कराया गया है।
हादिया से मिलीं महिला आयोग की अध्यक्ष
नवंबर की शुरुआत में महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने हादिया से मुलाकात के बाद बताया कि वह बिल्कुल स्वस्थ और प्रसन्न है। उसके साथ मारपीट की खबरें बेबुनियाद है और उसकी सुरक्षा को लेकर कोई खतरा भी नहीं है।
मैंने मर्जी से की है शादी
सुप्रीम कोर्ट में पेश होने के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले हादिया ने मीडिया को बताया कि उसने अपनी मर्जी से शफीन जहां से शादी की है और वह उसके साथ ही रहना चाहती है।