Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Supreme Court takes stern stance Senthil Balaji case asks why direction of cases change as government changes

सुप्रीम कोर्ट: सेंथिल बालाजी के मामले में अदालत सख्त, पूछा- सरकार बदलते ही क्यों बदल जाता है मुकदमों का रुख

Wed, 25 Nov 2026 05:05 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Wed, 25 Nov 2026 05:05 PM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट ने सेंथिल बालाजी के कैश फॉर जॉब्स मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि सरकार बदलने के साथ आपराधिक मुकदमों में अभियोजन का रवैया नहीं बदलना चाहिए। अदालत ने राजनीतिक दखल से दूर रहकर निष्पक्ष कार्रवाई करने पर जोर दिया। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।

विज्ञापन
Supreme Court takes stern stance Senthil Balaji case asks why direction of cases change as government changes
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के चर्चित कैश फॉर जॉब्स मामले की सुनवाई के दौरान राजनीतिक दखल और आपराधिक मुकदमों की जांच व पैरवी के तरीके पर गंभीर चिंता जताई। कोर्ट ने कहा कि सरकार बदलते ही कई बार अभियोजन का रवैया भी बदल जाता है। एक सरकार मामले को आगे बढ़ाने में ढिलाई बरतती है, तो दूसरी सरकार आते ही उसी मामले में तेजी दिखाने लगती है। अदालत ने कहा कि आपराधिक न्याय व्यवस्था में इस तरह का रवैया ठीक नहीं है और अभियोजन को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए।
विज्ञापन


सरकार के हिसाब से क्यों बदल जाता है मुकदमे का रुख?
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा कि आपराधिक मामलों में अभियोजन का तरीका राजनीतिक सरकार के बदलने के साथ बदल जाता है। यह न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। जस्टिस बागची ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि एक सरकार मामले को लटकाए रखती है, जबकि दूसरी सरकार आते ही तेजी से कार्रवाई करने लगती है। उन्होंने कहा कि अभियोजन के कामकाज में कुछ समझदारी और स्थिरता होनी चाहिए।
विज्ञापन


आरोप गंभीर हों, तब भी आरोपी को सुनवाई का मौका जरूरी
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील राजीव शखधर ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार की ओर से दलील देते हुए कहा कि मामले में कुछ जल्दबाजी की जरूरत है। वहीं, पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की तरफ से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की कि जब तक शीर्ष अदालत इस मामले पर सुनवाई नहीं कर लेती, तब तक निचली अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि आरोपी के खिलाफ आरोप कितने भी गंभीर क्यों न हों, उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए। सीजेआई ने कहा, 'उस पर गंभीर आरोप हो सकते हैं, लेकिन उसकी बात सुने बिना उसे दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।'
विज्ञापन
विज्ञापन


चार मामलों की सुनवाई और आरोप तय करने पर चर्चा
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान लंबित अर्जियों के दायरे को भी समझा। इनमें एक अर्जी के जरिए सांसदों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली सेशन कोर्ट में लंबित चार मुकदमों का ट्रायल जल्द पूरा कराने की मांग की गई थी। राजीव शखधर ने बताया कि इनमें से तीन मामलों में आरोपियों को आरोपों से मुक्त करने और आरोप तय करने से जुड़ी अर्जियां लंबित हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, जिससे आरोपियों के अधिकार प्रभावित हों या शीर्ष अदालत में चल रही सुनवाई का कोई मतलब न रह जाए।

2021 और 2022 से चल रहे हैं मामले, अब तक नहीं हुई सुनवाई पूरी
सुप्रीम कोर्ट ने मुकदमों में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। पीठ ने ध्यान दिलाया कि इन मामलों में एफआईआर 2021 और 2022 में दर्ज की गई थीं, लेकिन 2026 आ चुका है और कार्यवाही अब भी लंबित है। जब शखधर ने कहा कि ये मामले पिछली सरकार के कार्यकाल के हैं और मौजूदा सरकार से इनका संबंध नहीं है, तो सीजेआई ने कहा कि अदालत के लिए यह मायने नहीं रखता कि मामला किस सरकार के समय शुरू हुआ था। अदालत का ध्यान इस बात पर है कि मुकदमे की कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।

अभियोजन को नेताओं के इशारे पर नहीं चलना चाहिए
सीजेआई ने कहा कि सरकारी वकीलों और अभियोजन पक्ष को अपने विवेक से काम करना चाहिए। उनके फैसले राजनीतिक नेतृत्व के दबाव या निर्देशों से प्रभावित नहीं होने चाहिए। अदालत को उम्मीद है कि अभियोजन पक्ष हर मामले में निष्पक्षता और समझदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। इस दौरान राजीव शखधर ने अदालत से आग्रह किया कि इन टिप्पणियों को आदेश का हिस्सा न बनाया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि वह अपनी बात को औपचारिक आदेश में दर्ज नहीं कर रही है, लेकिन अभियोजन से निष्पक्ष और उचित व्यवहार की अपेक्षा जरूर करती है।

14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह तक टली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को निर्देश दिया कि मामले की अगली कार्यवाही 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में रखी जाए। वहीं, शीर्ष अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 दिसंबर की तारीख तय की है।


ये भी पढ़ें: कैबिनेट के बड़े फैसले: 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मिली मंजूरी, जानिए क्या-क्या एलान हुआ

क्या है सेंथिल बालाजी का कैश फॉर जॉब्स मामला?
यह मामला उस कथित नौकरी घोटाले से जुड़ा है, जो सेंथिल बालाजी के तमिलनाडु के परिवहन मंत्री रहने के दौरान सामने आया था। आरोप है कि परिवहन विभाग में नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लिए गए थे। इस मामले में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए। जांच के दौरान अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गईं। अब इन मामलों की सुनवाई, चार्जशीट को एक साथ जोड़ने और ट्रायल आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर कानूनी लड़ाई चल रही है। सुप्रीम कोर्ट में भी इन्हीं से जुड़े मामलों पर सुनवाई हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed