सुषमा का जवाब सुनकर बोलीं स्पीकर- बहुत दिनों बाद सुनी आपकी दमदार आवाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन अपने हंसमुख स्वभाव और सदन का माहौल हमेशा हल्का फुल्का रखने के लिए जानी जाती हैं, लोकसभा में नजारा कितना तल्ख हो लेकिन अपनी व्यंगात्मक और चुटीली टिप्पणियों से स्पीकर हमेशा माहौल को हल्का करने का प्रयास करती रही हैं। स्पीकर के इस अंदाज की प्रशंसा सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष के नेता भी करते हैं। बुधवार को भी स्पीकर की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर की गई एक टिप्पणी पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।
असल में हुआ ये कि विदेशों में भारतीयों पर हो रहे हमलों के मामले में पर्याप्त कार्यवाही न करने के आरोपों से जूझ रही केंद्र सरकार की ओर से आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोकसभा में अपना बयान दिया।
सुषमा ने इस दौरान विपक्ष के तमाम आरोपों का जवाब देते हुए विस्तार से बताया कि कैसे अमेरिका में भारतीय इंजीनियर की हत्या के बाद उन्होंने तुरंत उसके परिवार से बात कर पूरी मदद का भरोसा दिलाया और इसके बाद अमेरिका में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को दूसरे पीड़ित भारतीय युवक से हालचाल जानने के लिए भेजा।
विपक्ष के आरोपों का जवाब दे रही थीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज
विदेश मंत्री ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के उन आरोपों का भी जवाब दिया, जिसमें खड़गे ने कहा था कि अमेरिका में भारतीयों पर हमले हो रहे हैं, और पीएम और सरकार चुप हैं। खड़गे ने कहा था कि हर मुद्दे पर ट्वीट करने वाले पीएम इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं। सुषमा ने कहा कि कोई भारतीय बाहर संकट में हो और बीजेपी सरकार चुप्पी साधे ऐसा हो ही नहीं सकता।
विदेश मंत्री ने कहा कि मेरा ऑपरेशन हुआ था, फिर भी हम लगातार इस मसले पर नजर बनाए रखा। उन्होंने ये भी कहा कि पीएम मोदी घटना के दिन चुनाव प्रचार में व्यस्त थे, फिर भी वो लगातार इस मुद्दे पर हमसे बातचीत की।
अपना जवाब पूरा कर सुषमा स्वराज जैसे ही बैठने के लिए हुई तभी स्पीकर सुमित्रा महाजन ने उनके बयान पर चुटकी लेते हुए कहा धन्यवाद....बहुत दिनों बाद सदन को आपकी दमदार आवाज सुनने को मिली। स्पीकर के इतना कहते ही पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। स्पीकर की इस टिप्पणी पर सुषमा भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सकीं।