{"_id":"665673a8533f11048f0a566a","slug":"study-reveals-daily-consumption-of-olive-oil-reduces-risk-of-dementia-2024-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"अध्ययन: सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है जैतून का तेल, रोजाना सेवन से डिमेंशिया का खतरा कम","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अध्ययन: सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है जैतून का तेल, रोजाना सेवन से डिमेंशिया का खतरा कम
Wed, 29 May 2024 05:45 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Wed, 29 May 2024 05:45 AM IST
सार
जैतून के तेल में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद फायदेमंद है। 92,383 वयस्कों से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण में पाया गया कि जो लोग प्रतिदिन कम से कम सात ग्राम जैतून के तेल का सेवन करते हैं उनमें डिमेंशिया या उससे संबंधित बीमारियों से मरने की आशंका 28 फीसदी कम होती है।
विज्ञापन
जैतून का तेल (प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : एएनआई
विस्तार
रोजाना जैतून के तेल के सेवन से डिमेंशिया यानी मनोभ्रंश का खतरा कम होता है। जैतून के तेल में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद फायदेमंद है। ओमेगा-3 का अधिक सेवन डिमेंशिया के साथ मानसिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहतर माना जाता है। यह जानकारी हार्वर्ड टी एच चैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से जुड़े पोषण विशेषज्ञों और स्वास्थ्य शोधकर्ताओं ने अपने एक नए अध्ययन में दी है। इसके नतीजे जामा नेटवर्क ओपन में प्रकाशित हुए हैं।
विज्ञापन
92,383 वयस्कों से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण में पाया गया कि जो लोग प्रतिदिन कम से कम सात ग्राम जैतून के तेल का सेवन करते हैं उनमें डिमेंशिया या उससे संबंधित बीमारियों से मरने की आशंका 28 फीसदी कम होती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, 92,383 रोगियों में से 4,751 की मृत्यु डिमेंशिया संबंधी कारणों से हुई थी। इन्होंने जैतून के तेल का सेवन बहुत कम या कभी नहीं किया।
विज्ञापन
92 हजार वयस्कों के आंकड़ों के विश्लेषण से खुलासा
5.7 करोड़ से ज्यादा पीड़ित...दुनिया में करीब 5.7 करोड़ से ज्यादा लोग डिमेंशिया के शिकार हैं। अनुमान है कि 2050 तक 166 फीसदी की वृद्धि के साथ डिमेंशिया से पीड़ित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 15.3 करोड़ पहुंच जाएगा। इनमें से करीब 40 फीसदी मामलों के लिए कहीं न कहीं वायु प्रदूषण जैसे कारक जिम्मेदार होंगे।
विज्ञापन
भारत के लिए बड़ा खतरा...
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार डिमेंशिया से पीड़ित 60 फीसदी मरीज कमजोर और मध्यम आय वाले देशों में रह रहे हैं। भारत में करीब 8.44 फीसदी बुजुर्ग डिमेंशिया से पीड़ित हैं। यानी एक करोड़ से ज्यादा बुजुर्ग इसका शिकार बन चुके हैं।
अन्य उत्पादों का प्रयोग कम
अध्ययन में शामिल कई लोग ऐसे थे जो रोजाना जैतून के तेल का सेवन करते हैं। उन्होंने खाना पकाने और उसे स्वादिष्ट बनाने के लिए मक्खन, मेयोनीज और वनस्पति तेलों की जगह जैतून के तेल का उपयोग किया था। इसकी वजह से इन लोगों ने उन अन्य उत्पादों का भी कम सेवन किया जो डिमेंशिया की दर को प्रभावित कर सकते थे।
कई बीमारियों का समूह है डिमेंशिया
डिमेंशिया किसी एक बीमारी का नाम नहीं, बल्कि यह कई बीमारियों या यूं कहें तो कई लक्षणों के समूह का नाम है। यह ऐसा विकार है, जिसका शिकार मानसिक रूप से इतना कमजोर हो जाता है कि उसे अपने रोजमर्रा के कामों को पूरा करने के लिए भी किसी दूसरे की मदद लेनी पड़ती है। यह ऐसा विकार है, जिसमें दिमाग के अंदर विभिन्न प्रकार के प्रोटीनों का निर्माण होने लगता है। यह अवांछित प्रोटीन मस्तिष्क के सेल्स को नुकसान पहुंचाने लगते हैं। नतीजतन इन्सान की याददाश्त, देखने, सोचने-समझने और बोलने की क्षमता में धीरे-धीरे गिरावट आने लगती है।
